मराठी में बात करने के लिए मुंबई के ऑटो ड्राइवर ने निकाला अनोखा जुगाड़, वायरल हुआ वीडियो
मुंबई: मराठी में बात करने के लिए मुंबई ऑटो ड्राइवर का देसी जुगाड़: महाराष्ट्र में मराठी भाषा को अनिवार्य किए जाने और चालकों को मिल रहे नोटिस से जुड़े विवाद के चलते मुंबई से एक ऑटो चालक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें उसने कस्टमर से मराठी में बातचीत करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया है।
सोशल मीडिया वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि, ऑटो के अंदर हाथ से लिखी हुई हिंदी-मराठी अनुवाद की एक शीट चिपकाई गई है। इसमें रोजमर्रा की बातचीत में इस्तेमाल होने वाले कई वाक्य शामिल हैं। हिंदी के वाक्यों के साथ उनके मराठी अनुवाद भी साफ तौर पर लिखे गए हैं, ताकि चालक जरूरत पड़ने पर उन्हें देखकर आसानी से कस्टमर से मराठी में बातचीत कर सकें। एक महिला जब ऑटो में सवार हुईं तो उनकी नजर इस अनोखी शीट पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मराठी को लेकर महाराष्ट्र में सियासत
यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब महाराष्ट्र सरकार ऑटो, टैक्सी और ऐप-बेस्ड कैब चालकों के लिए मराठी की कार्यकारी जानकारी अनिवार्य करने की दिशा में कदम उठा रही है। राज्य परिवहन विभाग ने अगस्त 2020 से गैर-मराठी भाषी चालकों की मराठी भाषा की जानकारी की जांच शुरू की थी। वहीं, अप्रैल में सरकार की ओर से घोषणा की गई थी कि चालकों को बुनियादी मराठी भाषा का ज्ञान हासिल करना होगा। इसके लिए मराठी भाषा की कक्षाएं आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी गई थी।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
मराठी में बात करने को लेकर मुंबई ऑटो ड्राइवर के इस देसी जुगाड़ के वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। जिसे अबतक 43 लाख से भी ज्यादा लोगों ने देखा और लाइक भी किया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा- परिवार पालने की मजबूरी में लोग भाषा सीखने के लिए भी जुगाड़ कर रहे हैं। दूसरे यूजर ने लिखा- यह रोजी-रोटी के लिए संघर्ष की कहानी है।