Latest News

मुंबई : शनिवार रात को मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. इसका असर रविवार सुबह साफ दिखाई दिया. कई जगहों में पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. सड़कों पर जलभराव के कारण वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गईं. सबसे ज्यादा परेशानी वसई-विरार और नालासोपारा इलाके में देखने को मिली. नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में भारी जलभराव हो गया. हालात ऐसे रहे कि यात्रियों को जमा पानी के बीच से होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा.

स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़

बारिश और जलभराव के बीच नालासोपारा स्टेशन परिसर में यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई. लोगों को पानी के बीच से रास्ता बनाकर आगे बढ़ना पड़ा. नालासोपारा के सेंटर पार्क और तुलिंज ब्रिज के आसपास भी कई सड़कें पानी में डूब गईं. सुबह के समय यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी परेशानी हुई. लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार भी प्रभावित हुई.

दादर से कुर्ला तक बारिश का असर

मुंबई के दादर इलाके में भी भारी बारिश जारी रही. इससे स्थानीय लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, कुर्ला रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर भी पानी भर गया. लगातार बारिश के कारण स्टेशन के आसपास आवाजाही प्रभावित हुई. रेलवे ट्रैक पर जलभराव ने यात्रियों की चिंता और बढ़ा दी. मुंबई जैसे शहर में लाखों लोग रोजाना लोकल ट्रेन से सफर करते हैं. ऐसे में रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर में पानी भरने से आम लोगों की परेशानी बढ़ जाती है.

मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement