नवी मुंबई महानगरपालिका में ठेका कामगारों की 7,500 वेतनवृद्धि पर सियासत तेज...
नवी मुंबई : नवी मुंबई महानगरपालिका के कंत्राटी कामगारों की मंजूर 7,500 वेतनवृद्धि को लेकर मनपा महासभा में मामला गरमा गया। सभागृह नेता सागर नाईक ने वेतनवृद्धि लागू करने में हो रही देरी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सागर नाईक के अनुसार, कंत्राटी कामगारों की वेतनवृद्धि मंजूर होने के बावजूद उन्हें इसका प्रत्यक्ष लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मनपा के पास आवश्यक निधि उपलब्ध है और किमान वेतन से से अधिक वेतन देने की क्षमता भी है, तो फिर वेतनवृद्धि लागू करने में देरी क्यों हो रही है।
वेतनवृद्धि की प्रक्रिया में ऑडिट से संबंधित तकनीकी अड़चनों का हवाला दिए जाने पर नाईक ने प्रशासन के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी कारणों के चलते कामगारों को उनके हक के लाभ से लंबे समय तक वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। महासभा में सागर नाईक ने प्रशासन से अगले 15 दिनों के भीतर 7,500 की वेतनवृद्धि प्रत्यक्ष रूप से लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कामगारों का त्योहार मीठा होना चाहिए और यदि गणपति तक वेतनवृद्धि लागू नहीं हो पाती है, तो कम से कम दशहरे तक बढ़ा हुआ वेतन उनके हाथ में पहुंचना चाहिए। इस मुद्दे के सामने आने के बाद अब कंत्राटी कामगारों की नजर मनपा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन अगले 15 दिनों में मंजूर वेतनवृद्धि लागू करने की प्रक्रिया पूरी करता है, या फिर तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से मामला आगे भी लंबित रहता है?