मुंबई : झोपड़पट्टियों में हुए अवैध निर्माणों पर एक अक्टूबर से होगी कार्रवाई !
मुंबई : बीएमसी ने झोपड़ पट्टी में बड़े पैमाने पर हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने के लिए विशेष मुहिम छेड़ने का निर्णय लिया है। बीएमसी की यह कार्रवाई 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक अगले तीन महीने तक चलेगी। इस दौरान 14 फीट या उससे अधिक ऊंचाई वाले अनधिकृत निर्माणों को निशाना बनाया जाएगा। बीएमसी ने शहर और उपनगरों में ऐसे 39,111 निर्माणों की पहचान की है। बीएमसी ने संबंधित रहवासियों से अवैध निर्माण खुद हटाने की अपील की है अन्यथा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मुंबई शहर और उपनगरों में कुल 2 लाख 23 हजार 150 झोपड़ियां हैं।
इनमें से 39 हजार 111 झोपड़ियां 14 फीट या उससे अधिक ऊंचाई की पाई गई हैं। इनमें मुंबई शहर में 3,348, पश्चिमी उपनगरों में 4,536 और पूर्वी उपनगरों में 31,227 झोपड़ियां शामिल हैं। इनमें से अब तक 4,584 झोपड़ियों पर निष्कासन की कार्रवाई की जा चुकी है जबकि 611 झोपड़ियों को नोटिस जारी किए गए हैं। शेष झोपड़ियों में रहने वाले लोगों से भी अवैध निर्माण तत्काल स्वयं हटाने को कहा गया है। बीएमसी के अनुसार, 24 अगस्त से 15 सितंबर 2026 के बीच विभिन्न वार्डों में 128 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई, जबकि 140 अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन ने नागरिकों से अवैध निर्माण नहीं करने की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।