पेट्रोल पंप के कमरे में युवक की हत्या... पानी डालकर पीटा, लात-डंडे से हमला
भिवंडी : भिवंडी के वंजारपट्टी नाका इलाके में मिलन पेट्रोल पंप के कार्यालय में 34 वर्षीय युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। निजामपुरा पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश अनिल शुक्ला (34) के रूप में हुई है। राजेश मिलन पेट्रोल पंप के एक कमरे में रहता था। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिरमौर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 17 सितंबर की रात करीब 7:46 बजे से 18 सितंबर की शाम 4:20 बजे के बीच पेट्रोल पंप के कार्यालय में हुई। शिकायत में आरोप है कि उत्सव देवेंद्र चतुर्वेदी, संदीप ओमप्रकाश उपाध्याय और कलाम अब्दुल अंसारी ने कथित रूप से आपस में मिलीभगत कर राजेश के साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले राजेश पर प्लास्टिक की बाल्टी से पानी डाला। इसके बाद कथित तौर पर उसे डंडे और लातों से पीटा गया। दांडे वाले पोछे से भी उसके शरीर पर कई जगह वार किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद राजेश को घटनास्थल से घसीटकर ले जाने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। पुलिस शिकायत के अनुसार, मारपीट के बाद राजेश की मौत हो गई। आरोपियों ने उसका शव मिलन पेट्रोल पंप के पीछे छिपा दिया और घटना की जानकारी छिपाकर सबूत नष्ट करने का प्रयास किया।