कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका स्थायी समिति... 28.08 करोड़ के 18 प्रस्ताव मंजूर
कल्याण : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की स्थायी समिति की गुरुवार को हुई बैठक में करीब 28 करोड़ 8 लाख रुपए के 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें आगामी महापालिका चुनाव, श्मशानभूमियों के रखरखाव, विद्युत व्यवस्था और धार्मिक कार्यक्रमों से जुड़े खर्च शामिल हैं। डोंबिवली की 22 श्मशानभूमियों की देखभाल व मरम्मत के लिए 2.70 करोड़ रुपए, जबकि महापालिका चुनाव के लिए 12.55 करोड़ रुपए की तरतूद मंजूर की गई। विद्युत पथदीप व अन्य विद्युत कार्यों के लिए 6.45 करोड़ रुपए के 11 प्रस्तावों को मंजूरी मिली। इसमें 15 आदिवासी पाड़ों में विद्युत विस्तार के लिए 50 लाख रुपये शामिल हैं। गणेश विसर्जन, नवरात्रि सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान करीब 1.80 लाख लोगों के भोजन के लिए 41.58 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
पानी आपूर्ति के बिल की तरतूद में से 5 करोड़ रुपये चुनाव खर्च के लिए पुनर्विनियोजित करने को मंजूरी दी गई। वहीं, जलकुंभों के सौंदर्याकरण व मरम्मत की राशि में से 32 लाख रुपये कुओं की सफाई और मरम्मत के लिए पुनर्विनियोजित किए गए। अनधिकृत विज्ञापन फलक हटाने और एक कंपनी को दिए गए कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र की जांच से जुड़े प्रस्तावों को आगे की चर्चा के लिए स्थगित कर दिया गया।