मुंबई पर नई आफत; पीने के पानी के भंडार सामान्य से ज्यादा तेजी से कम हो रहे हैं
मुंबई : देश की राजधानी दिल्ली प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर है. वहीं अब देश की आर्थिक राजधानी यानी मुंबई पर एक नया खरात मंडरा रहा है. गर्मी अभी कई महीने दूर है, पर मुंबई के पीने के पानी के भंडार सामान्य से ज्यादा तेजी से कम हो रहे हैं. BMC के सर्वे बता रहे हैं कि अक्टूबर में मुंबई की 7 झीलों से पानी दुगनी रफ्तार से भाप बनकर उड़ा है.
वहीं देश की आर्थिक राजधानी के सिर पर एक नई मुसीबत मंडरा रही है. अक्सर पानी की किल्लत के बारे में गर्मियों के मौसम में खबरें सुनने को मिलती हैं. गर्मी अभी कई महीने दूर है, पर मुंबई के पीने के पानी के भंडार सामान्य से ज्यादा तेजी से कम हो रहे हैं. 3 नवंबर तक शहर को पीने का पानी सप्लाई करने वाली सात झीलों में कुल मिलाकर पानी अपनी क्षमता का महज 84.35 प्रतिशत रह गया है. इस तारीख के हिसाब से लगाए तो 2018 के बाद का ये सबसे निचला स्तर है.
गर्मी से भाप बन उड़ रहा है जलाशयों का पानी
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट बताती है कि बीएमसी के एक अलग ऑडिट में, जिसमें सात में से तीन झीलों को शामिल किया गया, पाया गया कि अक्टूबर में पानी के भाप बनकर उड़ने का नुकसान पिछले साल के अक्टूबर की तुलना में लगभग दोगुना या उससे भी ज्यादा रहा. ये गिरावट दक्षिण-पश्चिम मानसून के खत्म होने के महज एक महीने बाद आई है. 3 नवंबर को सातों जलाशयों में कुल मिलाकर 12.20 लाख मिलियन लीटर पानी था. बीएमसी ने जिन तीन झीलों का खासतौर पर वाष्पीकरण के लिए ऑडिट किया, वे सभी पिछले साल के स्तर से काफी नीचे थीं. मोडक सागर अपनी क्षमता के 50 प्रतिशत पर आ गया, जबकि पिछले साल इसी तारीख को 84 प्रतिशत था. तानसा 81 प्रतिशत पर था, जबकि पिछले साल 95.92 प्रतिशत, और मिडिल वैतरणा 86.56 प्रतिशत पर था, जबकि पिछले साल 99.53 प्रतिशत.
इस रिपोर्ट में एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर (प्रोजेक्ट्स) अभिजीत बांगर ने कहा कि नगर निगम ने अल नीनो की स्थितियों और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए तेजी से कमी होने का अनुमान पहले से ही लगा रखा था. उन्होंने बताया कि आईएमडी ने अल नीनो के कारण अक्टूबर में ज्यादा तापमान का पूर्वानुमान दिया था. यही वजह है कि इस महीने पानी की कमी का स्तर हाल के सालों की तुलना में काफी ज्यादा रहा. तीन प्रमुख स्थानों पर माप से पुष्टि हुई कि अक्टूबर में वाष्पीकरण का नुकसान पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में बढ़ गया.
गर्मी और सूखी हवाएं पानी के नुकसान को बढ़ा रही हैं
इस सारी परेशानी में अक्टूबर में पड़ी रिकॉर्ड गर्मी का बड़ा हाथ है. अक्टूबर में इस साल तेज गर्मी हुई, जबकि मानसून के तीन महीनों यानी जून, अगस्त और सितंबर में बारिश भी कम हुई. इसके अलावा अक्सर अक्टूबर में जलग्रहण इलाकों में थोड़ी बहुत बारिश होती है पर इस बार वो भी नहीं हुई. इसलिए झीलों में पानी का रिचार्ज बहुत कम हुआ, जबकि शहर के लिए पानी लगातार निकाला जा रहा था.
मैरीलैंड यूनिवर्सिटी के एमेरिटस प्रोफेसर और आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी के विजिटिंग प्रोफेसर रघु मुरुगुड्डे ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वाष्पीकरण हवा की गति, हवा के तापमान और पानी में जमा गर्मी पर निर्भर करता है. उन्होंने कहा, ‘वाष्पीकरण हवाओं पर और पानी व हवा के बीच तापमान के अंतर पर तेजी से निर्भर करता है. एक डिग्री सेल्सियस गर्मी बढ़ने पर सात प्रतिशत तक ज्यादा पानी वाष्पित हो सकता है. अगर कोई झील तेजी से गर्म होती है, तो तापमान का अंतर कम हो जाता है. उथली झीलों में पानी ज्यादा तेजी से वाष्पित हो सकता है. वायुमंडलीय तापमान और झीलों में मौजूद गर्मी मिलकर तय करते हैं कि वाष्पीकरण कितनी तेजी से हो रहा है.’