Latest News

मुंबई: शिवसेना के संस्थापक सदस्य बालासाहेब ठाकरे की फोटो पर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसको लेकर शिवसेना नेता (शिंदे गुट) शाइना एनसी की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले विरोध और अब थप्पड़ मारने वाले को नकद इनाम जैसी घोषणा से महाराष्ट्र की सियासत तेजी से बदल रही है।

शिवसेना (यूबीटी) ने शाइना एनसी को थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की एक तस्वीर से जुड़े मामले को लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।

पिंपरी चिंचवड़ इकाई के अध्यक्ष ने की घोषणा

गुरुवार को यह घोषणा करते हुए, शिवसेना (यूटीबी) की पिंपरी चिंचवड़ इकाई के अध्यक्ष चेतन पवार ने पत्रकारों को बताया कि यह इनाम मुंबई के एक शिवसेना (यूटीबी) पदाधिकारी द्वारा की गई ऐसी ही घोषणा के जवाब में दिया जा रहा है।

मुंबई में एक लाख का इनाम

पवार ने कहा, "जैसा कि सभी जानते हैं, मुंबई में हमारी पार्टी के एक पदाधिकारी ने पहले ही शाइना एनसी को थप्पड़ मारने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इसी तरह, शिवसेना (यूबीटी) की पिंपरी चिंचवड़ इकाई की ओर से, हम भी उन्हें थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा करते हैं।"

बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर को फाड़ने से शुरू हुआ विवाद

यह विवाद बुधवार को मुंबई में शिंदे गुट वाली शिवसेना द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के वक्त शुरू हुआ। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर के जिक्र के विरोध में बुलाई गई थी।

विरोध प्रदर्शन के दौरान, पार्टी नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़ दिए। इस दौरान शायना को भी एक तस्वीर का हिस्सा फाड़ते हुए देखा गया, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते हुए दिख रहे थे।

झेल रहीं तीखी आलोचना

यह घटना कैमरे में कैद हो गई और शिवसेना (यूबीटी) नेताओं ने इसकी आलोचना की। हालांकि एक दिन बाद ही शाइना ने बालासाहेब का जानबूझकर अपमान करने की बात से इनकार करते हुए माफी भी मांग ली। उन्होंने कहा कि उन्होंने तस्वीर का केवल वह हिस्सा फाड़ा था जिसमें अय्यर दिख रहे थे, न कि दिवंगत शिवसेना संस्थापक की तस्वीर।

उप-मुख्यमंत्री शिंदे ने किया बचाव

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनके इस स्पष्टीकरण का समर्थन किया। विवाद को बढ़ता देख कर गुरुवार को शाइना ने बालासाहेब के प्रशंसकों से माफी मांगी थी। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका बालासाहेब का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। इस घटना ने उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच एक नया टकराव पैदा कर दिया है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement