Latest News

मुंबई : सरकार ने मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) का कार्यक्षेत्र बढ़ाने का फैसला किया है। प्राधिकरण की हद में अब पालघर जिले की पालघर व वसई तहसील सहित अन्य भाग और रायगड जिले के अलीबाग, पेण, पनवेल व खालापुर, खोपोली को शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि भविष्य में इसका दायरा और बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण के पास इस वक्त 1.50 लाख करोड़ रुपये की विविध इंफ्रा योजनाएं चल रही है। प्राधिकरण का क्षेत्र अभी 4,254 वर्ग किलोमीटर है, जिसे बढ़ाकर 6,272 वर्ग किलोमीटर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में गुरुवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में अधिसूचना प्रस्ताव रखा। सभी दलों ने इसका समर्थन किया। सरकार जल्द ही इसे गजट में प्रकाशित करेगी। 

मुंबई और आसपास के क्षेत्रों का तेजी से विकास करने लिए एमएमआरडीए की स्थापना की गई थी। अब पूरा वसई और लगभग पालघर व रायगड का आधे से ज्यादा क्षेत्र एमएमआरडीए की हद में आ जाएगा। 

सभी दलों के पदाधिकारियों, महापौरों, नगराध्यक्षों और जिला परिषद अध्यक्षों की मांग पर ही एमएमआरडीए के विस्तार का निर्णय लिया गया। मुरबाड और शहापुर तहसीलों को भी एमएमआरडीए में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। - देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री 

MMRDA के पास 1.50 लाख करोड़ रुपये के प्रॉजेक्ट 

मुंबई मेट्रोपोलिटन की हद में मेट्रो बनाने की सभी योजनाएं एमएमआरडीए के पास हैं, जिनकी लागत 90 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है। इसके अलावा मुंबई ट्रांस हार्बर (एमटीएचएल) बनाने का काम भी एमएमआरडीए के पास है। इसकी लागत 16,000 करोड़ रुपये हैं। क्षेत्र में कई पुल और सड़क मार्गों का निर्माण किया जा रहा, कुछ का विस्तार किया जा रहा है। एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने बताया कि प्राधिकरण के पास करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये की विविध योजनाएं चल रही हैं। प्राधिकरण का सालाना बजट 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement