Latest News

मुंबई : `करे कोई भरे कोई’ यह कहावत बड़ी मशहूर है। इसका ताजा उदाहरण कल कांदिवली स्थित मनपा के शताब्दी अस्पताल में देखने को मिला। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल में आई एक सनकी महिला ने अस्पताल में आतंक मचा दिया। महिला इतनी आक्रामक हो गई कि पहले हो-हल्ला फिर तोड़फोड़ और कर्मचारियों का गला तक पकड़ लिया। महिला ने जो करना था वो कर दिया लेकिन इसका खामियाजा सुबह-सुबह अस्पताल में आए सैकड़ों मरीजों को भुगतना पड़ा क्योंकि अस्पताल के कर्मचारियों ने कुछ घंटों के लिए काम बंद आंदोलन कर दिया था।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हिमानी शर्मा नामक महिला को सुबह ५.१५ बजे के करीब बांगुर नगर पुलिस स्टेशन द्वारा मनपा के शताब्दी अस्पताल में लाया गया था। महिला पर सोसाइटी में झगड़ा करने का आरोप था और यह भी कहा जा रहा है कि महिला नशे में थी। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रदीप आंग्रे ने बताया कि पहले तो महिला ने अस्पतालकर्मियों से तू-तू, मैं-मैं की उसके बाद वह इतनी आक्रामक हो गई कि उसने तोड़फोड़ मचाना शुरू किया और एक कर्मचारी का गला तक पकड़ लिया। जैसे-तैसे सुरक्षाकर्मियों ने महिला को काबू में किया, उसके बाद उसे मानसिक सहायता के लिए रेफर किया गया और अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिला के खिलाफ कांदिवली पुलिस स्टेशन में मामला भी दर्ज किया गया है। इस बात से नाराज नर्स, डॉक्टर व अन्य कर्मचारियों ने २ से ३ घंटे अस्पताल में सेवा नहीं दी और ओपीडी में आए मरीजों को अस्पताल के बाहर खड़ा कर दिया। अधीक्षक के साथ बैठक के बाद आखिरकार सेवाएं फिर से शुरू की गर्इं। इस घटना में सबसे ज्यादा परेशानी किसी को हुई तो वो निर्दोष मरीज थे, जो सुबह-सुबह अपने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement