Latest News

मुंबई : बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा दीपिका पादुकोण इन दिनों सफलता के शिखर पर विराजमान हैं। उनके करियर में सब कुछ शानदार चल रहा है। पिछली कई फिल्में लाइन से हिट हुई हैं। कुछ महीने पूर्व प्रेमी रणवीर सिंह के साथ इटली में धूमधाम से अंतरराष्ट्रीय अंदाज में विवाह किया। मॉडलिंग में टीवी पर टॉप क्लास के एड में वे नजर आ ही रही हैं। अब दीपिका ने एक और लंबी छलांग मारी है। यह है अंतरिक्ष (स्पेस) की छलांग। खबर है कि बॉलीवुड की यह क्वीन दीपिका पादुकोण अब जल्द ही स्पेस क्वीन बनने जा रही हैं। स्पेस क्वीन यानी अंतरिक्ष की रानी समझ लीजिए। अब वे सैटेलाइट लांच करने में एक प्रमुख भूमिका निभानेवाली हैं।
बॉलीवुड के कई सितारे अपने एक्टिंग करियर के अलावा दूसरे व्यवसाय में भी निवेश करते हैं। दीपिका ने भी कई व्यवसाय में निवेश किया है। इनमें एक सैटेलाइट कंपनी में उनका निवेश बताता है कि दीपिका स्पेस तकनीक के प्रति कितनी आशान्वित हैं। दीपिका ने जिस कंपनी में निवेश किया है वह बंगलुरू की एक स्टार्टअप कंपनी है, जिसका नाम बैलाट्रिक्स एयरोस्पेस है। इस कंपनी ने हाल ही में बाजार से ३० लाख डॉलर की रकम जुटाई है जिसमें बॉलीवुड क्वीन दीपिका पादुकोण का समावेश है। हालांकि दीपिका ने अभी कितना निवेश किया है, इस बारे में न तो कंपनी और न ही दीपिका ने ही कोई खुलासा किया है। फिर भी माना जा रहा है कि यह एक बड़ी रकम होगी। फोर्ब्स की पिछली लिस्ट के अनुसार गत वर्ष दीपिका पादुकोण महिला हस्तियों में कमाई पर टॉप रहीं। उनकी कुल आमदनी ११२ करोड़ रुपए रही थी। कमाई के मामले में वे अपने पति रणवीर सिंह से भी आगे रहीं, जिनकी कुल आमदनी ८५ करोड़ के करीब रही।
बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण फिल्मों के अलावा दूसरे व्यवसाय में भी काफी दिलचस्पी रखती हैं। उन्होंने कुछ महीने पूर्व ही डेयरी प्रॉडक्ट बनानेवाली कंपनी एपिगैमिया में निवेश किया था। अब वे एक कदम और आगे बढ़ गई हैं। उन्होंने अंतरिक्ष से जुड़ी एक कंपनी बैलाट्रिक्स में निवेश किया है। बंगलुरू की यह कंपनी एक स्टार्टअप है और अंतरिक्ष में भेजे जानेवाले सैटेलाइट के कल-पुर्जे में नवीन तकनीक का इस्तेमाल कर उसे और किफायती व सुविधाजनक बनाने पर काम कर रही है। इस कंपनी ने हाल ही में निवेशकों के एक समूह से ३० लाख डॉलर उगाहे, जिनमें दीपिका पादुकोण का नाम भी शामिल है।
दीपिका का बॉलीवुड में करियर काफी शानदार रहा है। उनकी पहली फिल्म शाहरुख खान के साथ ही ‘ओम शांति ओम’ जो सुपरहिट रही थी। इसके बाद भी उन्होंने कई सफल फिल्में दी हैं। रेस २, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलियों की रासलीला रामलीला, हैप्पी न्यू ईयर, पीकू, बाजीराव मस्तानी और पद्मावती कुछ ऐसी फिल्में हैं जिन्होंने दीपिका को बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्री की कुर्सी पर बैठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बॉलीवुड ट्रेड सूत्रों के अनुसार दीपिका इस समय बॉलीवुड की सबसे महंगी अभिनेत्री हैं। एक फिल्म के लिए दीपिका की फीस लगभग १५ करोड़ रुपए है। साल में दीपिका की एक या दो फिल्में ही आ पाती हैं। दीपिका स्टेज शोज और विभिन्न प्रॉडक्ट्स के एंडोर्समेंट से खासी कमाई कर लेती हैं बल्कि फिल्मों से ज्यादा वह मॉडलिंग से कमाती हैं। जानकार बताते हैं कि दीपिका अन्य व्यवसाय में निवेश करने को काफी उत्सुक रहती हैं। वैसे भी उन्हें १३ साल बॉलीवुड में हो चुके हैं। अब उनकी शादी भी हो चुकी है। ऐसे में बतौर हीरोइन उनका करियर अब ज्यादा लंबा चलनेवाला है नहीं। इसलिए वे विभिन्न व्यवसायों में अपना पैसा निवेश कर रही हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement