छत पर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, देवर ने भाभी पर जताया शक
जींद जिले के अलेवा थाना क्षेत्र के नगूरां गांव में शुक्रवार रात छत पर सो रहे एक शख्स की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक कर्मबीर के भाई राजेश की शिकायत पर मृतक की पत्नी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। कर्मबीर के भाई ने अपनी भाभी पर किसी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का शक जताया है।
अलेवा थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि यह तो साफ है कि कर्मबीर की हत्या हुई है। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सिर तथा छाती पर तेजधार हथियार से वार के निशान
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, कर्मबीर (28) छत पर अपनी पत्नी पूजा के साथ सो रहा था। आधी रात के बाद पूजा ने शोर मचाया जिसके बाद परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो कर्मबीर को घायल अवस्था में पाया। उसके सिर तथा छाती पर तेजधार हथियार से वार के निशान थे। परिजनों द्वारा उसे सामान्य अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अलेवा थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर मृतक की पत्नी पूजा को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिन में हुआ था पति-पत्नी का झगड़ा
पुलिस को पता चला की पूजा से कर्मबीर की दूसरी शादी हुई थी। पहली शादी से कर्मबीर की आठ साल की एक दिव्यांग बेटी है। दिन में किसी बात को लेकर पूजा का कर्मबीर से झगड़ा हुआ था। जिसके बाद कर्मबीर ने पूजा को थप्पड़ मार दिया था। पुलिस इस बात को लेकर भी जांच कर रही है।