अवैध पार्किंग से वसूले 65 हजार रुपये
मुंबई: शुक्रवार से मुंबई की पांच सड़कों पर पार्किंग प्रतिबंधित किए जाने के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। पहले ही दिन आठ वॉर्डों में कुल 28 गाड़ियों के संचालकों पर कार्रवाई करते हुए BMC ने 65 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। BMC से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पहला दिन होने के कारण ज्यादातर लोगों को जागरूक किया गया।
शहर में ट्रैफिक की बढ़ती समस्या को देखते हुए BMC ने हाल ही में महर्षि करवे रोड, गोखले रोड, एसवी रोड, एलबीएस रोड और न्यू लिंक रोड को नो पार्किंग घोषित किया है। शुक्रवार को इन सड़कों को नो पार्किंग बनाए जाने का का पहला दिन था। इस दौरान अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई हुई। BMC से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 28 गाडियों पर कार्रवाई की गई। इनमें 20 चार पहिया, 6 दो पहिया और दो तीन पाहिया वाहन शामिल हैं। महर्षि करवे रोड पर सबसे अधिक 16 चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई हुई। ऐसा पहली बार हुआ, जब वॉर्ड सी में अवैध पार्किंग पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। BMC से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी चलती रहेगी। सुबह से ही BMC, पुलिस और यातायात विभाग के लोग कार्रवाई में जुट गए थे। BMC ने महानगर की 30 सड़कों को नो पार्किंग जोन बनाने के लिए यातायात विभाग के पास भेजा था। इसमें से यातायात विभाग ने 5 सड़कों को नो पार्किंग बनाने की अनुमति दी। इनकी कुल लंबाई 12 किलोमीटर है।
राहगीरों को होती है दिक्कत: गाड़ियों की अवैध पार्किंग के कारण सबसे अधिक पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है। बेतरतीब ढंग से शहर में कहीं भी पार्क होने वाली गाड़ियों के कारण कई बार लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा होती है। BMC के एक अधिकारी के अनुसार, मुंबई में 146 पब्लिक पार्किंग लॉट हैं, बावजूद इसके ज्यादातर समय लोग सड़क पर गाड़ियां पार्क करते हैं। बता दें कि मुंबई में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए BMC ने अवैध पार्किंग पर भारी जुर्माना लगाने के साथ ही लग्जरी बसों को ऐसी जगहों पर एक बार से अधिक पार्क करने पर उनका लाइसेंस तक निरस्त करने का निर्देश दिया है।