पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल, गणेश नाईक और पूर्व सांसद संजीव नाईक भाजपा मे
मुंबई : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और राकांपा में मची भगदड़ का सिलसिला थमने की बजाय बढ़ता जा रहा है। एक के बाद एक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन पाटिल का नाम जुड़ गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल की उपस्थिति में हर्षवर्धन पाटिल ने भाजपा में प्रवेश किया। इसी तरह ठाणे जिले के रसूखदार नेता गणेश नाईक अपने बेटे पूर्व सांसद संजीव नाईक और नवी मुंबई के ५० राकांपा नगरसेवकों के साथ बुधवार देर शाम भाजपा में शामिल हो गए। इसे राकांपा और कांग्रेस को लगे जबर्दस्त झटके के रूप में माना जा रहा है। हर्षवर्धन पाटिल को भाजपा की सदस्यता दिलाने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि हर्षवर्धन पाटिल को भाजपा में लाने के लिए पिछले पांच साल से हम प्रयास कर रहे थे, जिसका आज जाकर मुहूर्त निकला है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री और एक वरिष्ठ नेता के तौर पर हर्षवर्धन पाटिल के आने से भाजपा मजबूत होगी। पिछली आघाड़ी की सरकार में मंत्री के पद पर काम करते हुए कई मुख्यमंत्रियों पर आने वाले विपत्ति पर चट्टान की तरह खड़े रहते थे।
वहीं भाजपा में वरिष्ठ नेता गणेश नाईक का प्रवेश होने से ठाणे जिले का विकास होने के साथ ही महाराष्ट्र के विकास में योगदान मिलेगा। राकांपा के वरिष्ठ नेता गणेश नाईक, संजीव नाईक बुधवार को नवी मुंबई के 50 नगरसेवकों के साथ बीजेपी में प्रवेश किया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल, प्रसाद लाड, प्रवीण दरेकर, महापौर जयंत सुतार, विधायक मंदा म्हात्रे, संदीप नाईक, प्रशांत ठाकुर, सांसद कपिल पाटिल, विधायक संजय केलकर, किसन कथोरे, निरंजन डावखरे, नरेंद्र पाटिल, रमेश पाटिल, शिर्डी संस्थान के अध्यक्ष सुरेश येवले, म्हाडा के उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, पूर्व किरीट सोमैया, पूर्व सांसद संजीव नाईक, रामशेठ ठाकुर, नवी मुंबई जिलाध्यक्ष रामचंद्र घरत, ठाणे शहर अध्यक्ष संदीप लेले आदि उपस्थित थे। इस दौरान एनसीपी के वरिष्ठ नगरसेवक सुरेश कुलकर्णी, डॉ जयाजी नाथ, रविंद्र इथापे, राधा कुलकर्णी, संगीता वास्के, सायली शिंदे, मुद्रिका गवली, नेत्रा शिर्के, सलुजा सुतार, छाया केशव म्हात्रे, संगीता म्हात्रे, मनीषा शशिकांत भोईर, दिव्या गायकवाड़, सुजाता सूरज पाटिल, जयश्री ठाकुर, पूजा मेढेकर, शुभांगी पाटिल,फशिबाई करसन भगत, सुनील पाटिल सहित 50 नगरसेवकों और नगरसेविकाओं ने प्रवेश किया। इसके साथ ही लगभग 30 पूर्व नगरसेवकों ने भी बीजेपी का दामन थामा।
इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के पहले हर्षवर्धन पाटिल के भाजपा में शामिल हुए होते तो बारामती लोकसभा की सांसद सुप्रिया सुले को घर बैठा दिया होता। पाटिल ने स्पष्ट किया कि दूसरे पार्टी के नेताओं के भाजपा में आने के बाद भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होगी। कार्यकर्ताओं का जितना पहले सम्मान होता था, वो आज भी कायम रहेगा।