महाजनादेश यात्रा को मिला प्रचंड प्रतिसाद : मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा
मुंबई : महाजनादेश यात्रा के समापन अवसर पर नाशिक में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि 4 हजार किलोमीटर की महाजनादेश यात्रा का प्रवास विलक्षण था। राज्य में जिन-जिन इलाकों में यात्रा पहुंची, वहां लोगों ने यात्रा को प्रचंड प्रतिसाद दिया। सीएम ने कहा कि पांच साल पहले मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा करने का अवसर देने पर मैं जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभारी हूं। उन्होंने कहा कि राज्य की सोशल इंजीनियरिंग में न बैठने वाले मेरे जैसे नेता को आपने मुख्यमंत्री बनाया, इसके लिए आपका आभार। पीएम मोदी की अपेक्षा के अनुसार हमने पांच साल तक प्रमाणिक रूप और पूरी पारदर्शिता से सरकार चलाई और हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल में उद्योग, निवेश, आभारभूत सुविधा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य अग्रणीय है। पिछले पांच साल में केवल लघु और मध्यम उद्योग के जरिए 89 लाख रोजगार के अवसर बने हैं। मुख्यमंत्री ने शरद पवार पर निशाना साधा। पवार ने कहा था कि मुख्यमंत्री पिछले पांच साल में किए गए कार्यों का हिसाब देने के लिए महाराष्ट्र की जनता के बीच गए हैं, पहले हमारे घर में ऐसे हिसाब-किताब रखने वाले लोग थे, ये कौन थे, मैं नहीं बता सकता। पवार के इस बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शरद पवार आपकी मानसिकता सामंतशाही है। सेवक का काम है, जनता को हिसाब देना। इसलिए आपको जनता ने पराजित कर सेवकों को चुना। आगे भी जनता सेवकों को ही चुनेगी। कांग्रेस का महाराष्ट्र में अस्तित्व दिख नहीं रहा है। पिछले चुनाव में मोदीजी का नेतृत्व व शिवराया का आशीर्वाद था, अब तो छत्रपति शिवाजी महाराज के वशंज भी हमारे साथ हैं।
पाटिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा कि महाजनादेश यात्रा का राज्य में सभी जगह जबदस्त स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस एक दूरदर्शी, कड़ी मेहनत करने वाले और सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। उन्होंने सभी समाजों को राहत दी है। उन्होंने कई असंभव से दिखने वाले कामों को अंजाम दिया है। ऐसे में यात्रा के दौरान उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला है। राज्य की सभी समस्याओं को हल करने के लिए आगामी काल में भी यही मजबूत सरकार जरूरी है। बीड की जनता शरद पवार को भी हरा देगी: पंकजा महिला बाल कल्याण और ग्राम विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने अपने भाषण में राकांपा और शरद पवार को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि खुद शरद पवार यदि बीड शहर से चुनाव में खड़े हुए तो बीड की जनता उन्हें नहीं चुनेगी। बुधवार को शरद पवार ने परली से धनंजय मुंडे की उम्मीदवारी की घोषणा की थी। ऐसे में परली में बहन भाई के बीच संघर्ष देखने को मिलेगा।
नाशिक में विराट जनसभा के दौरान मंच पर पीएम मोदी के अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल, रिपब्लिकन पार्टी केअध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे, प्रदेश चुनाव प्रभारी व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, छत्रपति उदयनराजे भोसले, प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे, भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन, वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार, ग्रामविकास मंत्री पंकजा मुंडे, उच्च शिक्षण मंत्री विनोद तावडे, गृह निर्माण मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल, विपणन मंत्री राम शिंदे, शालेय शिक्षण मंत्री आशीष शेलार, वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे, प्रदेश संगठन मंत्री विजयराव पुराणिक और यात्रा प्रमुख प्रदेश महासचिव सुजीतसिंह ठाकुर उपस्थित थे।