पटाखों के शोर में युवक की गोली मारकर हत्या
गाजियाबादः दिल्ली से सटे गाजियाबाद के थाना विजय नगर के चांदमारी इलाके की झुग्गी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मृतक युवक के सीने में गोली मारी गई जिससे घायल युवक की बाद में मौत हो गई.
मृतक का परिवार एक लड़की से प्रेम संबंध की वजह से हत्या का शक जता रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी है.
गोली लगने के बाद दोस्तों को बुलाया
विजय नगर थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके की झुग्गियों में बीती रात गोली लगने से करीब 20 साल के बिट्टू नामक युवक की मौत हो गई. बिट्टू ने बीती रात करीब 10.30 बजे अपने एक साथी को खुद के गोली लगने की बात बताई जिसके बाद उसके साथ के दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उन्हें किसी बड़े-बुजुर्ग को साथ लाने के लिए बोला, लेकिन जब मृतक बिट्टू के घरवाले और साथी दुबारा परिवार को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे तब डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि युवक की मौत हो गई है.
मृतक के साथियों के अनुसार कुछ युवक यहां चांदमारी इलाके में दिवाली के पटाखे चला रहे थे और उसी पटाखों के शोर में अज्ञात लोग युवक को गोली मारकर फरार हो गए. साथियों के अनुसार, मृतक बिट्टू ने घायल अवस्था में दोस्तों को पास ही रहने वाले एक युवक वकील द्वारा गोली मारे जाने की बात बताई. दूसरी ओर, परिवार के अनुसार मृतक बिट्टू का किसी लड़की से प्रेम संबंध था. जिसकी वजह से उसकी हत्या करवाई गई है. घटना के कुछ देर बाद परिवार को बिट्टू के गोली लगने की सूचना मिली. वकील नामक युवक के द्वारा गोली मारे जाने की बात परिवार कह रहा है जो अभी फरार है.
परिजनों का आरोप है कि पहले भी बिट्टू को जान से मारने की धमकियां मिल रही थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है. मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस प्रेम प्रसंग के साथ ही कई अन्य एंगल पर भी हत्या की जांच कर रही है. आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की असल वजह और बाकी चीजें साफ हो पाएगी.