Latest News

भिवंडी: भिवंडी मनपा के महापौर एवं उपमहापौर के चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार की हुई हार को प्रदेश कांग्रेस ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने मनपा में बहुमत के बाद भी मिली हार के लिए भिवंडी कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष शोएब खान को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। इसकी प्रति कांग्रेस कमिटी के भिवंडी मनपा के निरीक्षक माणिकराव जगताप, राजेश शर्मा एवं नगरसेविका रिषिका राका को भेजी गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोरात के निर्देश पर प्रदेश महासचिव गणेश पाटील ने जिलाध्यक्ष शोएब खान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कहा है कि मनपा में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार की हार काफी दुःखद है। उन्होंने जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस के नगरसेवकों को संभालने में असफल होने के कारण ही महापौर के चुनाव में कांग्रेस के 18 नगरसेवकों ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध मतदान करके कांग्रेस पार्टी का भारी नुकसान किया है। उन्होंने जिलाध्यक्ष शोएब खान पर दूसरा आरोप यह लगाया है कि वे मनपा स्थायी समिति सदस्य एवं सभापति सहित विभिन्न समितियों के चुनाव में स्वंय निर्णय लेते थे। इसके बावजूद नगरसेवकों को एकसाथ नहीं रख सके। इसके लिए शोएब खान से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण न मिलने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश इकाई के इस पत्र को लेकर जिलाध्यक्ष शोएब खान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement