Latest News

मुंबई : केंद्र सरकार द्वारा पारित नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश में शुरू विरोध प्रदर्शन मुंबई पहुंच गया है। गुरुवार को ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में शहर के 60 से 70 सामाजिक और छात्र संगठन इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। साथ ही देश में पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बर्बर कार्रवाई का भी विरोध करेंगे। इस आंदोलन को कांग्रेस-राकांपा और सपा जैसी पार्टियों ने समर्थन दिया है। इन पार्टियों के कई नेताओं के आंदोलन में पहुंचने की संभावना है। जिन संगठनों ने आंदोलन में भाग लेने का ऐलान किया है, उसमें छात्र भारती, स्टूडेंट इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया, महाराष्ट्र स्टूडेंट लॉ असोसिएशन, स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन, आंबेडकर स्टूडेंट असोसिएशन, प्रोग्रेसिव स्टूडेंट फोरम, अमन कमिटी और जमात-ए-इस्लामी हिंद जैसे संगठन शामिल हैं। जमात-ए-इस्लामी हिंद महाराष्ट्र के अमीर, रिजवान-उर-रहमान खान ने कहा कि हम इस तरह के कानून का कड़ा विरोध करते हैं। पूरे देश में इसका विरोध हो रहा है, फिर मुंबई के अमनपसंद लोग कैसे पीछे रह सकते हैं। इससे पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड के नेतृत्व में विपक्षी दलों कांग्रेस, सपा और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने बैठक कर आंदोलन में भाग लेने का ऐलान किया था। इन्होंने भाजपा सत्ता छोड़ो का नारा दिया है। बता दें कि संसद में नागरिकता संशोधन बिल पास होने के बाद विरोध में विशेष पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के रूप में तैनात अब्दुर्रहमान ने इसे सांप्रदायिक और असंवैधानिक बताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement