कोरोना को मात देकर ड्यूटी पर लौटा खाकी वॉरियर
मुंबई : रील लाइफ में कोरोना से लोगों को बचाने वाले इस खाकी वाले ने रियल लाइफ में भी कोरोना को मात देकर घर वापसी की है। जनता की सेवा करने के दौरान कोविड 19 वायरस से संक्रमित होकर पवई के हीरानंदानी अस्पताल में 10 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मुंबई पुलिस के जवान सुभाष शिंदे कोरोना को हराया है।
शिंदे ने ना सिर्फ घर वापसी की, बल्कि डयूटी पर तैनात होकर वह कोरोना की जद में आकर प्राण गंवाने वाले अपने साथी पुलिसकर्मियों के परिवारवालों के साथ दुःख की इस घड़ी में खड़े रहे। भविष्य में इस पुलिस अधिकारी को आप अक्षय कुमार के साथ एक फिल्म में देख सकते हैं, जिसके निर्माण की योजना चल रही है।
उन्होंने बताया कि वह मुंबई पुलिस फाउंडेशन में कार्यरत हैं। इस फाउंडेशन की ओर से कोविड से मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजन को प्रति परिवार 10 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसकी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधे पर है।