नालासोपारा : युवक की हत्या, 2 अज्ञात पर मामला दर्ज
नालासोपारा : तुलिंज पुलिस स्टेशन के मोरेगांव क्षेत्र में 2 अज्ञात लोगों ने एक 34 वर्षीय युवक को मौत के घाट उतार दिया. इस बीच बचाव में आई मृतक की पत्नी के सिर पर भी हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर दोनों आरोपी फरार हो गए,जिसकी शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार मोरेगांव स्थित जीवदानी चॉल निवासी दिनेश नामदेव हाटे (34) अपनी पत्नी अनीता के साथ उक्त स्थान पर रहता था. 28 जुलाई की रात 11 बजे उसके घर के बाहर दो अज्ञात युवक आये और जोर-जोर से चिल्लाने लगे.इसके बाद घर से बाहर निकले दिनेश ने उनसे पूछा क्यों चिल्ला रहे हो. जिससे वे नाराज हो गए और दिनेश की पिटाई करने के साथ ही उसके बदन पर ब्लेड और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया.
इस दौरान बीच बचाव में आई उसकी पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा. हमले में वह भी गम्भीर रूप से जख्मी हो गई. इसके पश्चात दोनों मौके से फरार हो गए .जख्मी हाटे को लोगों ने किसी प्रकार मनपा अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों नें उसे मुंबई के सायन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. जहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई . पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है.