मुंबई : नियमित ट्रेनें न चलने से पश्चिम रेलवे को 2363 करोड़ का नुकसान
मुंबई : 23 मार्च से शुरू हुए देशव्यापी लॉकडाउन में नियमित यात्री ट्रेनें न चलने से पश्चिम रेलवे को अब तक 2363 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हो चुका है. इनमें उपनगरीय सेक्शन को 356 करोड़ से ज्यादा और गैर उपनगरीय सेक्शन को 2007 करोड़ का नुकसान हुआ है. पश्चिम रेलवे ने लगभग 421.39 करोड़ रुपये यात्रियों को रिफंड दिया है.अकेले मुंबई डिवीजन की 203.20 करोड़ रुपये रिफंड दिए गए हैं.अब तक 65.11लाख यात्रियों ने पश्चिम रेलवे पर अपने टिकट रद्द किए हैं.
देशव्यापी लॉकडाउन की विपरित परिस्थितियों में पश्चिम रेलवे ने मालगाड़ियों व पार्सल विशेष ट्रेनों से 1.11 लाख टन से ज्यादा आवश्यक वस्तुओं का परिवहन किया.माल परिवहन से पश्चिम रेलवे को 3534 करोड़ से ज्यादा की आय हुई है.सीपीआरओ सुमित ठाकुर के अनुसार पश्चिम रेलवे ने लॉकडाउन के दौरान 504 पार्सल विशेष ट्रेनें चलाई है.13,423 से ज्यादा रेक के माध्यम से पीओएल,खाद,नमक, सीमेंट,कोयला,फूड ग्रेन कंटेनर रेक से अत्यावश्यक वस्तुएं लादी गई.जरूरी सामान,दवा,आदि के परिवहन के लिए स्पेशल पार्सल ट्रेन चलाई.इस दौरान 81मिल्क ट्रेन भी चला कर 60,500 टन दुग्ध सामग्री का लदान हुआ.393 कोविड स्पेशल पार्सल ट्रेन के अलावा पश्चिम रेलवे से लगातार पार्सल विशेष व मिल्क ट्रेन का संचालन हो रहा है.आय के साथ माल परिवहन को बढ़ाने में पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में गठित बीडीयू के माध्यम से प्रयास हो रहे हैं.