नई दिल्ली : शक में नाबालिग ने ही की थी मां की हत्या
नई दिल्ली : राजधानी के पश्चिम विहार इलाके में मंगलवार को हुई महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को महिला के नाबालिग बेटे और उसके दोस्त को पकड़ा है। 17 वर्षीय आरोपी चार वर्षों से पिता के साथ अलग रहता था। उसके पिता को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे बेटा भी मानता था। इस कारण बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी थी। पुलिस मामले में महिला के पति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस को मंगलवार को पश्चिम विहार के आर ब्लॉक में महिला की धारदार हथियार से वार कर हत्या किए जाने की कॉल मिली थी। पेट में चाकू के छह जबकि गले पर एक जख्म था। आसपास पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वारदात में महिला के बेटे का हाथ हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो टूट गया और बताया कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पिता को उसकी मां के चरित्र पर शक था। वह भी पिता की बातों को ही सही मानता था और इसलिए उसी के साथ रहता है। महिला पति से तलाक लेने की जिद कर रही थी और पैसे की मांग कर रही थी। इससे नाबालिग काफी परेशान था।
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मंगलवार की रात वह पश्चिम विहार के आर ब्लॉक में ही रहने वाली मां के पास गया। उसने भूख लगने की बात कहकर वहां भोजन किया। इसके बाद उसने मां से कहा कि वह उसे घर तक छोड़ दे। महिला बेटे के साथ उसके घर के लिए चली लेकिन रास्ते में ही उसने दोस्त के साथ मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।