Latest News

पुणे : महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस ने दो निर्माण श्रमिकों और एक सब्जी विक्रेता के पास से 216 सोने के सिक्के और एक कांस्य का पात्र बरामद किया है। कांस के पात्र के पीछे लिखी सामग्री से पता चला है कि सिक्के 18वीं शताब्दी के हैं। मजदूरों को ये सिक्के तीन महीने पहले चिखली में एक इमारत की नींव की खुदाई के दौरान मिले थे। सिक्कों की कीमत लगभग 1.3 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पिंपरी चिंचवाड़ के पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि सिक्के 18 वीं शताब्दी के मुगल सम्राट मुहम्मद शाह की मुद्रा थे। सिक्के 1720-1750 की अवधि के हैं। उन्होंने कहा कि इन सिक्कों पर अरबी और उर्दू में 'शाह की मुद्रा' अंकित थी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि दो निर्माण श्रमिकों, उनके रिश्तेदार, सब्जी विक्रेता ने सिक्के मिलने का खुलासा नहीं किया। वे उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे।

हालांकि, सिक्कों के बंटवारे को लेकर उनका आपस में विवाद था। विवाद के चलते किसी ने क्राइम ब्रांच के कॉन्स्टेबल जेमी तंबोली को गुप्त सूचना दी। हमने सिक्कों को बिकने या पिघलाए जाने से पहले बरामद कर लिया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि चिखली का सब्जी विक्रेता, अपने ससुर और देवर को लगभग तीन महीने पहले निर्माण कार्य के लिए परभणी जिले से पुणे लाया था।

जब एक मिट्टी के काम के लिए खुदाई का काम चल रहा था, तो विक्रेता के ससुर और बहनोई को कुछ सोने के सिक्के मिले। वे सिक्कों को घर ले आए और उन्हें सब्जी विक्रेता को दिखाया।

अगले दिन, तीनों उसी साइट पर गए। वहां जब कोई भी आसपास नहीं थातो उन लोगों ने वापस खुदाई करके वहां दबे टूटे हुए कांस्य पात्र को निकाल लिया। इसमें रखे सोने के सिक्कों का वजन लगभग दो किलो था।

क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर शैलेश गायकवाड़ ने कहा कि वे सोने के सिक्कों को बेचना चाहते थे, लेकिन यह नहीं जानते थे कि किससे संपर्क किया जाए। इससे पहले कि वे आगे कुछ कर पाते, हमने सिक्कों को बरामद कर लिया। सिक्के और कांस्य पात्र को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सौंप दिया गया है। बरामद चीजें सतारा के संग्रहालय में रखी गई हैं।

मोहम्मद शाह 1719 से 1748 तक मुगल सम्राट थे। वह बहादुर शाह (प्रथम) के पोते थे और और लोगों के बीच मुहम्मद शाह रंगीला के रूप में जाने जाते थे।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement