केवल 20 रुपए के लिए युवक की हत्या
उल्हासनगर : उल्हासनगर कैम्प क्रमांक-5 में देर रात मात्र 20 रुपए के लिए एक युवक की हत्या (Murder) हो गई। मृतक का नाम अनिल हरिराम आहूजा है। पुलिस ने घटना होने के बाद केवल 2 घन्टे के भीतर आरोपी साहिल मैराले (20) को गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित कर ली है। स्थानीय कैम्प क्रमांक 5 में जय जनता कॉलोनी निवासी अनिल आहूजा (36) पास में ही एक चाय की दुकान में काम करता था। उसी परिसर में साहिल मैराले भी रहता था, जो नशे का आदि था, 21 मई को साहिल ने अनिल आहूजा से नशा करने में कम पड़ रहे 20 रुपए मांगे थे, लेकिन अनिल में यह कहते हुए उससे छुटकारा पाया कि उसके पास पैसे नहीं है। तब गुस्से में साहिल ने अनिल को देख लेने की धमकी दी थी। तब दोनों के बीच गाली गलौज भी हुई थी।
अनिल अपने दोस्त सागर के साथ खड़ा था, उसी समय साहिल भी वहां आया और फिर से अनिल से झगड़ा करने लगा कि तुमने मुझे उस दिन 20 रुपए क्यों नहीं दिए। साहिल ने अनिल को थप्पड़ मारा तो अनिल ने भी साहिल को चांटा मार दिया। गुस्से से तिलमिलाए साहिल ने अपने साथ लाए चाकू से कई वार कर दिए जिससे अस्पताल में उपचार शुरू होने से पहले ही अनिल आहूजा की मौत हो गई। हिल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड की जांच पुलिस निरीक्षक (अपराध) पोपट करडकर कर रहे है।