देश के कई राज्यों में कम हो रहा कोरोना का कहर!
देश के कई राज्यों में लगे लॉकडाउन जैसी पाबंदियों का असर अब दिखने लगा है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा जैसे कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में लगातार केस कम हो रहे हैं. मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने राज्य में 1 जून से पाबंदियों ने ढील देने का ऐलान भी कर दिया है. वहीं, दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने भी कहा है कि अगरे मामले ऐसे ही कम होते रहे तो अब लॉकडाउन की जगह अनलॉक करना शुरू करेंगे. उधर, महाराष्ट्र में भी अनलॉक की तैयारी चल रही है. महाराष्ट्र सराकर में राहत एवं पुनर्वास मंत्री विजय वदेत्तिवार ने कहा कि सरकार ‘रेड जोन’ से बाहर के जिलों में, कोविड-19 के चलते लागू लॉकडाउन जैसी पाबंदियों में ढील देने पर विचार कर रही है. वहीं, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने कहा है कि राज्य में कोविड-19 की मौजूदा पॉजिटिविटी दर करीब 9 फीसदी है और लोगों को तब तक कोई छूट नहीं दी जा सकती, जब तक कि यह 5 फीसदी से कम न हो जाए.
महाराष्ट्र में कोरोना के 24,136 नए मामले सामने आए और 601 लोगों की मौत हो गई. बीते 24 घंटे में 36,176 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं. राज्य में अब 3,14,368 एक्टिव मामले हैं. मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,037 नए मामले सामने आए और इस दौरान 1,427 लोग इलाज के बाद ठीक हुए. मुंबई में मंगलवार को 37 लोगों की जान भी चली गई. मुंबई में फिलहाल 27,649 एक्टिव मामले हैं और 6,55,425 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं. यहां 14,708 लोगों की जान जा चुकी है.