जन आशीर्वाद यात्रा में चोरी करने वाले चोर गिरफ्तार
ठाणे : केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जहां कोरोना नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई थी, वहीं भीड़ का फायदा उठाते हुए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं मोबाइल और नगदी चोरी हो गया था। इस प्रकरण में मोबाइल और नगद चुराने आये 4 आरोपियों को ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की यूनिट-5 की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबुबकर अंसारी (35), नदित अंसारी (30), अतीक अहमद (51) और अश्याक अंसारी (38) के रूप में हुई है। चारों आरोपी मालेगांव के रहने वाले हैं और जन आशीर्वाद यात्रा के लिए मालेगांव से ठाणे आए थे।
गौरतलब है कि नवनियुक्त केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल की जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को ठाणे में आयोजित की गयी थी। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस अवसर का लाभ उठाकर आरोपी अबुबकर, नादित, अतीक और अश्यक सभी कार्यकर्ता के रूप में यात्रा में शामिल हुए।
मंत्री के पीए की जेब से एक लाख रुपये चुरा लिए थे
यात्रा कोपरी के आनंदनगर में शुरू हुई। यात्रा में कपिल पाटिल आए तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उन्हें घेर लिया। चारों चोरों ने अपने मुख पर भाजपा के चिन्ह वाला एक मास्क लगाकर मंत्री के पीए की जेब से एक लाख रुपये चुरा लिए थे। फिर चोरों ने एक पत्रकार के 15,000 रुपये और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की जेब से नकद और एक मोबाइल फोन चुरा लिया। पत्रकार और मंत्री के पीए ने कोपरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच ठाणे क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच यूनिट पांच ने शुरू की।