गैस सिलिंडर महंगे होने के खिलाफ जोरदार आंदोलन, पीएम को भेजे गोबर के उपले!
भिवंडी, रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से महिलाएं काफी गुस्से में हैं। गैस सिलिंडर महंगे होने के खिलाफ उन्होंने जोरदार आंदोलन किया। इस दौरान महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपहार स्वरूप पीएम नरेंद्र मोदी को गोबर के उपले भेजकर केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति अपने आक्रोश का प्रदर्शन किया।
केंद्र सरकार द्वारा लगातार रसोई गैस के दर में वृद्धि की जा रही है, जिसका सीधा असर महिलाओं के रसोई बजट पर पड़ रहा है। इससे महिलाओं का घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। राकांपा महिला प्रदेशाध्यक्ष रुपालीताई चाकणकर के आदेश पर भिवंडी शहर महिला राकांपा अध्यक्ष स्वाति कांबले के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दोपहर १२ बजे दांडेकर पोस्ट आफिस पर पहुंचकर पीएम मोदी के विरुद्ध नारेबाजी की। तत्पश्चात सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने स्पीड पोस्ट द्वारा पीएम मोदी को गोबर के उपले उपहार स्वरूप पोस्ट किया। इस दौरान महिला अध्यक्ष स्वाति कांबले ने कहा कि जिसके घर में बीबी-बच्चे न हों वह परिवार के दर्द को क्या जाने? प्रधानमंत्री को गोबर के उपले भेजकर यह दर्शाने की कोशिश की है कि दुनिया २१वीं सदी में प्रवेश कर चुकी है। लेकिन मोदी सरकार हिंदुस्थान को पाषाण काल में पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जब महिलाएं लकड़ी और उपलों पर खाना बनाया करती थीं। उस पर अगर हम विश्वगुरु बनने का दावा करें तो यह बेवकूफी के अलावा कुछ नहीं है। जिस तरह कल नहीं आता उसी प्रकार अच्छे दिन भी कभी नहीं आनेवाले हैं!