२०२८ तक मुंबई में बेस्ट की बसें होंगी इलेक्ट्रिक
मुंबई, मुंबई महानगर को प्रगतिशील और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में सभी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मुंबई में वृक्षारोपण, ग्रीन एनर्जी के इस्तेमाल में वृद्धि, बैटरी पर आधारित वाहनों आदि के लिए सरकार प्राथमिकता के साथ काम कर रही है। आगामी २०२८ तक मुंबई में सभी बेस्ट की बसों को इलेक्ट्रिक बसों में तब्दील कर दिया जाएगा। यह घोषणा राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने की।
सोमवार को मनपा मुख्यालय में पर्यावरण सुधार के लिए हुए तीन सामंजस्य करार के दौरान वे बोल रहे थे। आदित्य ठाकरे ने कहा कि बदलते दौर में पर्यावरण के संरक्षण की दृष्टि से मुंबई के लिए पर्यावरण कृति योजना बनाई जा रही है। पर्यावरण की दृष्टि से मनपा की ओर से हस्ताक्षर किए गए तीनों सामंजस्य करार काफी लाभकारी साबित होंगे। मनपा मुख्यालय में पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे की उपस्थिति में वुमन फॉर क्लाइमेट, शहर में वन अभियान और ई-बस मिशन ऐसे कुल तीन सामंजस्य करार हुए। इस मौके पर महापौर किशोरी पेडणेकर उप महापौर सुहास वाडकर, स्थानीय सांसद अरविंद सावंत, मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल, मनपा सभागृह की नेता विशाखा राउत, विपक्ष के नेता रवि राजा आदि लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि पूरे विश्व में जलवायु परिवर्तन हो रहा है। सभी को इसका सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को एक साथ आना चाहिए और सतत विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा यह बहुत सराहनीय है कि आज जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सशक्तिकरण अभियान में महिलाओं का भी सहयोग मिल रहा है। अब से मुंबई में बेस्ट बेड़े में शामिल होने वाली हर बस इलेक्ट्रिक होगी। वर्ष २०२८ तक मुंबई की सभी बेस्ट बसें इलेक्ट्रिक होंगी। डबल डेकर बसें भी इलेक्ट्रिक या हाइड्रोजन र्इंधन सेल से चलेंगी।