मुंबई मोनो को मिलेंगे १० नई रेक
मुंबई, २१वीं सदी के आधुनिक युग में समय की मांग को देखते हुए मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मुंबई के विकास की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया है। एमएमआरडीए ने मोनो रेल के लिए चीनी कंपनियों का बहिष्कार करते हुए मेधा सर्वो ड्राइव्स प्रा. लि. कंपनी को मोनो रेल के कुल १० रेक तैयार करने का ठेका सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक मेधा कंपनी इन १० रेक में से पहला रेक जनवरी २०२३ में सौंप देगीr जबकि दूसरा रेक उसके अगले वर्ष यानी जनवरी २०२४ में सौंपा जाएगा।
बता दें कि एमएमआरडीए ने संत गाडगे महाराज चौक से चेंबूर वाया वडाला तक कुल २० किलोमीटर मोनो रेल चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत एमएमआरडीए ने मोनो रेक की आपूर्ति का ठेका मेधा कंपनी को दिया है। मेधा कंपनी ने एमएमआरडीए द्वारा प्राप्त कुल १० रेक के ठेके में से पहला रेक जनवरी २०२३ तक और जनवरी २०२४ में दूसरा रेक देने का वादा किया है। एमएमआरडीए उक्त १० रेक के लिए कुल ५९० करोड़ रुपए की निधि खर्च करेगी। एमएमआरडीए आयुक्त ने कहा कि मोनो रेल शहर के भीतर इंटरकनेक्टिविटी के मामले में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ये नए रेक मार्गों में प्रमुख बिंदुओं पर यातायात के मुद्दों को हल करने में मदद करेंगे। एमएमआरडीए हमेशा से मुंबई के लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने में सबसे आगे रहा है। मोनो रेल के ये नए रेक मुंबई की सेवा में उठाया गया एक और कदम है।