कंगना पर बोले महाराष्ट्र के मंत्री - किसी नाचनेवाली को क्या जवाब दें
मुंबई : कंगना रनौत ने एक बार फिर से महात्मा गांधी पर विवादित बयान देकर आलोचकों के निशाने पर आ गईं हैं। वहीं उनके बयान के पलटवार में महाराष्ट्र के मंत्री विजय नामदेव वडेट्टीवार ने भी विवादित बयान दे डाला है। मंत्री विजय नामदेव ने महात्मा गांधी को लेकर दिए गए कंगना के बयान पर कहा कि आखिर किसी नाचनेवाली के क्या जवाब दिया जाए। उन्होंने सीधे-सीधे कंगना को नाचने वाली करार दे दिया है। दरअसल आजादी को लेकर अपने बयान के कारण विवादों में आईं कंगना ने एक और विवादास्पद बात कही। कंगना ने दावा किया कि सुभाषचंद्र बोस और भगत सिंह को महात्मा गांधी से समर्थन नहीं मिला। यहीं नहीं, कंगना ने बापू के 'अहिंसा के मंत्र' का भी मजाक बनाते हुए कहा कि एक और गाल आगे करने से आपको 'भीख' मिलती है आजादी नहीं।
बीते दिनों कंगना रनौत ने बयान दिया था कि देश को असली आजादी 2014 में मिली है। इससे पहले स्वाधीनता गांधीजी को कटोरे में भीख में मिली थी। उन्होंने कांग्रेस को ब्रिटिश शासन के आगे का रूप बताया था। कंगना ने दूसरे पोस्ट में लिखा है, गांधी ने कभी भगत सिंह और नेताजी को सपोर्ट नहीं किया। कई सबूत हैं जो इशारा करते हैं कि गांधीजी चाहते थे कि भगत सिंह को फांसी हो जाए। इसलिए आपको चुनना है कि आप किसे सपोर्ट करते हैं। क्योंकि उन सबको अपनी याद के एक ही बॉक्स में रख लेना और उनकी जयंती पर याद कर लेना काफी नहीं सच कहें तो मूर्खता नहीं बल्कि गैरजिम्मेदाराना और सतही है। लोगों को अपना इतिहास और अपने हीरो पता होने चाहिए।