मासूमों की इज्जत खतरे में!..सरेआम छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ीं
मुंबई : मुंबई में महिलाएं और मासूम बच्चियों की सुरक्षा को लेकर हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं। असुरक्षा का आलम ऐसा है कि सरेआम सड़क पर महिलाओं और मासूम बच्चियों की इज्जत खतरे में है। खासकर स्कूल जाने वाली लड़कियां शर्मसार कर देने वाली घटनाओं का शिकार हो रही हैं। सड़क, लोकल ट्रेन और ऑटोरिक्शा, हर जगह लड़कियां अपने आपको महफूज महसूस नहीं कर रही हैं। एक दो नहीं, बल्कि हालिया दिनों में दर्जनों घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या सरकार या पुलिस सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठा सकती? शुक्रवार को कर्जत जाने वाली फास्ट मुंबई लोकल ट्रेन में १४ साल की नाबालिग बच्ची सफर कर रही थी, तभी ३५ साल के युवक ने उसे छेड़ने और अश्लील हरकत करना शुरू किया। परेशान होकर बच्ची ने दूसरे यात्रियों की मदद से कुर्ला जीआरपी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर ‘पॉक्सो’ एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। लोकल ट्रेनों में इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन पुलिस है कि घटना होने के बाद ही जागती है। इसी तरह की घटनाएं दिंडोशी, मलाड और बदलापुर में भी हुई हैं।
सीसीटीवी खंगालने के बाद दबोचा गया मनचला!
एमएमआर रीजन में बच्चियों और महिलाओं के साथ होनेवाली अपराधिक घटनाओं में काफी वृद्धि देखी जा रही है। लोकल ट्रेन से लेकर सड़क तक सुरक्षित नहीं है। गत ३१ जनवरी की शाम को २० साल की युवती संतोष नगर में अपने घर जा रही थी, जैसे ही वह हनुमान नगर बस स्टॉप के पास पहुंची, एक अनजान आदमी अचानक पीछे से पास आया और युवती को अपनी बाहों में जकड़ लिया। उसके सीने को छूकर अश्लील हरकत की। महिला ने खुद को छुड़ाने के लिए आरोपी को काटा और शोर मचाया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले शख्स फरार हो गया। बाद में दिंडोशी पुलिस ने इलाके के लगभग १६० सीसीटीवी फुटेज क्लिप की जांच की और ४६ साल के आरोपी को एक सैलून से गिरफ्तार कर लिया।
मालाड से आई रिपोर्ट के मुताबिक एक बच्ची रोजाना ट्यूशन क्लास जाती थी। आरोपी अक्सर उसका पीछा करता था। एक दिन उसने लड़की को जबरन गार्डन के पास रोका और पॉर्न वीडियो दिखाकर उसकी भावनाओं से खिलवाड़ किया। डरी-सहमी लड़की ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया और उसके पिता ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोरेगांव से आरोपी को पकड़ा।