पुलिस बन ठगी करने वाले 8 आरोपियों का भंडाफोड़, 5 लाख रुपए और दो स्कॉर्पियो जब्त
कल्याण : महाराष्ट्र के कल्याण में पुलिस का रूप धारण कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। कोलसेवाडी पुलिस ने 5 लाख रुपए की ठगी के इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी गिरोह से 2 लाख 36 हजार रुपए नकद, अपराध में इस्तेमाल की गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, पुणे के वाघोली निवासी दीपक शिंदे को आरोपियों ने 5 लाख रुपए के बदले 7 लाख रुपए (10, 50 और 100 रुपये के नोटों में) देने का लालच दिया। इसके लिए उन्हें कल्याण पूर्व बुलाया गया। शिकायतकर्ता 5 लाख रुपए लेकर विठ्ठलवाडी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां आरोपियों ने सुट्टे (नकली) पैसे देने का बहाना बनाया। तभी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 3-4 लोग उतरे और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पूछताछ का नाटक किया। उन्होंने शिकायतकर्ता के साथ आए पैसे बदलने वाले व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठाया और दीपक शिंदे के हाथ से 5 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोलसेवाडी पुलिस ने क्राइम नंबर 103/2026 के तहत मामला दर्ज किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जांच शुरू की। पता चला कि आरोपी स्कॉर्पियो (एमएच-04-जीडी-7823) से पुराने पुणे हाईवे की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर तलेगाव दाभाडे पुलिस को अलर्ट किया गया। सोमाटणे फाटा टोल नाके पर नाकाबंदी कर गाड़ी को घेर लिया गया और चार आरोपी गिरफ्तार हुए।