Latest News

बेंगलुरु : चेन्नै सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रविवार को बेंगलुरु में 48 गेंदों पर 84 रनों की पारी के दौरान धोनी ने यह मुकाम हासिल किया। बैंगलोर की टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 161 रन बनाए वहीं चेन्नै सुपर किंग्स ने 8 विकेट पर 160 रन ही बना पाई। धोनी ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपनी ताबड़तोड़ पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए। उन्होंने अपनी टीम को लगभग जीत दिला ही दी थी लेकिन आखिरी गेंद पर दो रन नहीं बना पाने की वजह से चेन्नै को 1 रन से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नै को आखिरी ओवर में 26 रनों की दरकार थी लेकिन 3 छक्के और 1 चौके के बावजूद धोनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। 

इस मैच से पहले धोनी आईपीएल में छक्कों का दोहरा शतक लगाने से सिर्फ चार कदम दूर थे। बैंगलोर के खिलाफ जब वह बल्लेबाजी करने उतरे तो उनकी टीम 28 रन बनाकर संकट में थी लेकिन उन्होंने अंतिम गेंद तक अपनी टीम के लिए आस कायम रखी। जहां तक आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात है तो धोनी तीसरे पायदान पर हैं। क्रिस गेल 323 सिक्स के साथ सबसे आगे हैं। इसके बाद 150 मैचों में 204 छक्कों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के एबी डि विलियर्स हैं। वहीं धोनी ने 184 मैच खेले हैं। 

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने 182 मुकाबलों में 190 छक्के लगाए हैं वहीं 186 मैचों में 190 के साथ सुरेश रैना भी इस लिस्ट में शामिल हैं। आरसीबी और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली 173 मैचों में 186 छक्कों के साथ लिस्ट में छठे पायदान पर हैं। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement