Latest News

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब आगरा–मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक यात्री बस के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और देखते ही देखते बस के भीतर घना धुआं भर गया। बालसमुद्र पुलिस चौकी प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि घटना साली कला गांव के पास हुई, जब सेंधवा से बड़वानी जा रही बर्मन ट्रेवल्स की बस में यह स्थिति बनी।

बस से अचानक धुआं उठते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराकर तुरंत नीचे उतरने लगे, जबकि कुछ ने अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदना ही बेहतर समझा। चालक रविंद्र गवले ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने के निर्देश दिए। बस में करीब 20 यात्री सवार थे जो समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

टर्बोचार्जर में आई थी खराबी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस के टर्बोचार्जर में खराबी आ गई थी। चालक के अनुसार इंजन ऑयल लीक होकर इनटेक सिस्टम में पहुंच गया और ईंधन की तरह जलने लगा, जिससे इंजन की गति अनियंत्रित हो गई और भारी धुआं निकलने लगा। बस का इग्निशन स्विच भी काम नहीं कर रहा था, जिससे इंजन बंद करना मुश्किल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में दहशत और नाराजगी दोनों देखी गई। 

यह घटना बड़वानी जिले में संचालित यात्री बसों की जर्जर स्थिति और नियमों की अनदेखी को उजागर करती है। बसों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स तथा किराया सूची जैसे अनिवार्य संसाधनों का अभाव है। कई बसों के इमरजेंसी गेट रस्सियों और तारों से बांधकर रखे गए हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में गंभीर खतरा बन सकते हैं।

टल गया बड़ा हादसा

यात्री बस से अचानक उठने लगा धुआं

ड्राइवर के सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

एक बार फिर से परिवहन विभाग की सख्ती की खुली पोल

अन्य जिलों में पंजीकृत बसें हो रही हैं संचालित

जानकारी के अनुसार, अन्य जिलों में पंजीकृत करीब 200 बसें बड़वानी में संचालित हो रही हैं । इस मामले में आरटीओ राकेश भूरिया ने कहा कि समय-समय पर जांच की जाती है और जल्द ही विशेष अभियान चलाकर लापरवाह बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement