बाल बाल बची सांसद सुप्रिया सुले... गुजरात की गाड़ी ने मारी टक्कर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा !
पुणे : पुणे से मुंबई के सफर के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले की गाड़ी एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार ड्राइविंग के खतरों को चर्चा में ला दिया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा तब हुआ जब सांसद सुप्रिया सुले पुणे से मुंबई की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गुजरात पासिंग की एक गाड़ी (GJ-13 CF-5257) ने लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण उनकी कार को बगल से टक्कर मार दी। गाड़ी को थोडा नुकसान पहुँचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि गाड़ी में सवार सुप्रिया सुले और उनका स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित है।
इस डरावने अनुभव के बाद सुप्रिया सुले ने सड़क सुरक्षा को लेकर नागरिकों से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं एक गंभीर चेतावनी हैं कि सड़कों पर लापरवाही और ओवरस्पीडिंग कितने लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है। उन्होंने सभी यात्रियों और ड्राइवरों से आग्रह किया है कि, हमेशा सीट बेल्ट का प्रयोग करें, गाड़ी चलाते समय पूरी तरह अलर्ट रहें व जिम्मेदाराना ड्राइविंग करें ताकि हाईवे सभी के लिए सुरक्षित रह सकें।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे अपनी रफ्तार के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के दिनों में बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों और स्थानीय वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों की संख्या बढ़ी है। प्रशासन ने इस संबंध में कोई बड़ा हादसा हो इससे पहले जल्द ही यहां कोई स्पीड पर नियंत्रण व सुरक्षित यातायात के लिये आवश्यक कदम उठाना अब समय की मांग है।