Latest News

मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) में कथित तौर पर बढ़ती अंदरूनी असहमति के बीच पार्टी सांसद संजय राउत ने संसदीय बैठक में शामिल न होने वाले छह सांसदों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने वाले सांसदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनकी स्थिति पर अंतिम निर्णय संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होगा। मीडिया से बातचीत में राउत ने कहा, "उनकी दिशा अगर अलग हो रही है तो यह लोकसभा अध्यक्ष तय करेंगे। अब तक ये लोग सामने नहीं आए हैं। मुझे नहीं मालूम कि वे कहां छिप गए हैं। जो लोग खुद को शिवसैनिक कहते थे, वे इतने डरपोक निकले। शिवसैनिक इतना डरपोक नहीं होता। राउत ने आरोप लगाया कि संबंधित सांसद पार्टी की संसदीय बैठक से अनुपस्थित रहे और उन्होंने संगठन के आदेशों का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि ये सांसद जयपुर में जाकर छिपे हुए हैं और पार्टी नेतृत्व के संपर्क में भी नहीं हैं।

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने आगे कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी जनप्रतिनिधि पार्टी लाइन के खिलाफ जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के आदेश का उल्लंघन करने के कारण ये सांसद अयोग्यता (डिस्क्वालिफिकेशन) की प्रक्रिया का सामना कर सकते हैं। हालांकि, जिन सांसदों को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ है, उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शिवसेना (यूबीटी) के भीतर संभावित असंतोष और राजनीतिक हलचल की चर्चाओं को तेज कर दिया है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement