Latest News

मुंबई : बिहार के छपरा में लघु जल संसाधन विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं. स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने उनके पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई स्थित छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. जांच में करीब चार करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, 76 लाख रुपये के जेवर और करीब दो लाख रुपये की नकदी मिलने की बात सामने आई है. एसवीयू के अनुसार, राजेंद्र कुमार के पास उनकी वैध आय से काफी अधिक संपत्ति मिली है. जांच में अब तक 3,01,87,108 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है. टीम को कई भूखंडों, फ्लैट, महंगी गाड़ियों और अन्य सामान की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं.

पटना से मुंबई तक छह ठिकानों पर एक साथ छापा

एसवीयू की टीम ने शुक्रवार को राजेंद्र कुमार से जुड़े छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की. इनमें पटना के बेऊर स्थित महावीर कॉलोनी का आवास, उनकी सास जयमाला देवी का जक्कनपुर स्थित घर और जल भवन पटना में निगरानी सेल का कार्यालय शामिल है. इसके अलावा छपरा स्थित लघु जल संसाधन विभाग का कार्यालय, गोपालगंज के मुहम्मदपुर स्थित हाकम गांव का पैतृक आवास और मुंबई के गोरेगांव में उनकी बहन सीमा कुमारी का ठिकाना भी जांच के दायरे में रहा. छापेमारी के दौरान टीम ने संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े कई दस्तावेज जब्त किए हैं. देर शाम तक एसवीयू की कार्रवाई और जांच जारी थी.

मुंबई के पनवेल में 75 डिसमिल जमीन

जांच के दौरान राजेंद्र कुमार के मुंबई के पनवेल में 75 डिसमिल जमीन खरीदने की जानकारी मिली है. उनके आवास से मां और पत्नी के नाम खरीदे गए 16 भूखंड और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. इसके अलावा 57 लाख रुपये कीमत के दो प्लॉट की खरीद के कागजात भी मिले हैं. टीम को महंगी कारों और अन्य कीमती सामान की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं. एसवीयू अब इन संपत्तियों की खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए पैसों के स्रोत की जांच कर रही है.

मां और पत्नी के नाम मिलीं कई संपत्तियां

राजेंद्र कुमार की मां सुनैना देवी के नाम गोपालगंज के मुहम्मदपुर में कई भूखंड मिले हैं. इनमें 1.90 लाख, 3.50 लाख, 8.40 लाख, 7.60 लाख, 3.05 लाख, 3.60 लाख और 4.06 लाख रुपये कीमत की जमीन शामिल है. पटना के महावीर नगर में भी उनकी मां के नाम 25.13 लाख और 30 लाख रुपये कीमत के अलग-अलग भूखंड मिले हैं. वहीं, पत्नी कंचन कुमारी के नाम महावीर नगर में 15.63 लाख रुपये और बिंदौली में 8.04 लाख तथा 2.16 लाख रुपये कीमत के भूखंड मिले हैं. गोनावां, नवादा में प्रिंस कुमार के साथ साझेदारी में 25 लाख और 10 लाख रुपये कीमत के भूखंड की जानकारी भी सामने आई है. मुंबई के ड्रीमवुड नेरुल में पत्नी के नाम 38 लाख रुपये कीमत का फ्लैट भी मिला है. इन संपत्तियों की कुल कीमत 3,34,57,000 रुपये बतायी गयी है. इसके अलावा सोनपुर में 18 लाख और 39 लाख रुपये कीमत के प्लॉट की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी एसवीयू के हाथ लगे हैं.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement