जवान को मिला टिकट शालिनी की छुट्टी
वाराणसी : वाराणसी में समाजवादी ने प्रयाशी बदल दिया है। यहां से सोमवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को लेकर काफी देर तक सस्पेंस बना रहा। एसपी की पूर्व घोषित प्रत्याशी शालिनी यादव और बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल किया। हालांकि बाद में पार्टी ने स्पष्ट किया कि तेज बहादुर यादव ही पीएम मोदी के खिलाफ उनके प्रत्याशी होंगे और शालिनी यादव बाद में अपना नामांकन वापस लेंगी।
इससे पहले सपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव के साथ पर्चा दाखिल कराने पहुंचे। धूपचंडी ने दावा किया कि तेज बहादुर पार्टी के प्रत्याशी होंगे। उन्होंने कहा कि एसपी की अब तक घोषित प्रत्याशी शालिनी यादव अपना नामांकनपत्र वापस ले लेंगी। इससे पहले जब शालिनी यादव नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट में जुलूस लेकर पहुंचीं, उसी समय धूपचंडी बीएसएफ के बर्खास्त जवान को लेकर नामांकन का एक सेट और दाखिल कराने पहुंच गए। दोनों प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार अगर समाजवादी पार्टी तेज बहादुर पर दांव लगाती है तो इसके जरिए वह पीएम मोदी पर सीधे हमला कर सकेगी। तेज बहादुर इसके पूर्व भी वाराणसी लोकसभा सीट से निर्दल प्रत्यासी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके है