मुंबई : मलाड के मालवणी में गणपति विसर्जन जुलूस में हंगामा... मारपीट के बाद 7 आरोपियों पर मामला दर्ज
मुंबई के मालवणी इलाके में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने जुलूस में बाधा डालने, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मालवणी पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे मुंबई शहर के मालवणी के निरंकार नगर, एनटीसी स्कूल रोड, गेट नंबर 7 के पास हुई। गणपति विसर्जन के दौरान मंडप के प्रवेश द्वार के पास कोल्ड पायरो उपकरण लगाया गया था। इससे निकलने वाले कृत्रिम आग जैसे प्रभाव को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इससे सामने मौजूद दुकान में आग लगने का खतरा हो सकता है। इसी बात को लेकर आदिल, सुनील शेख, गौस, अजगर और जाकिर का गणपति मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में जुबेर और हुसैन पर रोहित ठाकुर और सुशील महतो के साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, अयान शेख नामक व्यक्ति पर हाथ में मटका लेकर महिला कार्यकर्ताओं के सामने गाली-गलौज करने और मारपीट के लिए दौड़ने का आरोप भी लगाया गया है। मालवणी पुलिस ने आदिल (24), सुनील शेख (25), गौस (22), अजगर (23), जाकिर (26), जुबेर (25) और हुसैन (24) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर मुंबई के लालबाग, परेल, गिरगांव और अन्य इलाकों से गणपति प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकली। ढोल-ताशा, नासिक बाजा और बैंजो की धुन के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुलूस में शामिल हुए। लालबागचा राजा, मुंबईचा राजा, परेलचा राजा, गिरगांवचा राजा और अन्य गणेश मंडलों की प्रतिमाएं विसर्जन स्थलों की ओर रवाना हुईं। लालबाग बाजार के बाहर लालबागचा राजा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। किसी अप्रिय घटना और भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी और सड़क अवरोध लगाकर भीड़ को नियंत्रित किया।