Latest News

मुंबई:  रॉकेट और आसमान में फूटने वाले पटाखों पर 25 नवंबर तक प्रतिबंध लगाने के फैसले को लेकर एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने मेयर ऋतु तावड़े पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि जब दिवाली के दौरान पटाखों से वायु प्रदूषण और आग लगने की घटनाओं का खतरा पहले से था, तो प्रशासन ने समय रहते कदम क्यों नहीं उठाया?

पठान ने तंज कसते हुए कहा, बड़ी देर कर दी मेहरबान आते-आते, अब क्या? जब चिड़िया चुग गई खेत।

पटाखों के बैन पर भड़के वारिस पठान

वारिस पठान ने कहा कि मेयर ने पटाखों पर रोक लगाने का फैसला काफी देर से लिया है। उन्होंने मुंबई में आग की घटनाओं के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि एक दिन में फायर ब्रिगेड को 142 कॉल मिले, जिनमें से 137 घटनाएं पटाखों के कारण हुईं। उनके मुताबिक, जब पहले से ही पटाखों के खतरों को लेकर चेतावनी दी जा रही थी, तब प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की?

मेयर बताएं, पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

पठान ने कहा कि मुंबई हाईकोर्ट की ओर से पटाखों के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए थे। अभिनेत्री दिया मिर्जा ने भी दिवाली मनाने के साथ पटाखों से परहेज करने की अपील की थी। इसके बावजूद इन चेतावनियों और अपीलों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि जब मेयर ने पहले पटाखों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताने वालों का विरोध किया था और लोगों से कहा था कि उन्हें पता है कि दिवाली कैसे मनानी है, तो अब अचानक प्रतिबंध लगाने की जरूरत क्यों महसूस हुई?

उन्होंने मेयर से पूछा कि इतने दिनों तक इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया गया। पठान ने डोंगरी में लगी आग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना में कई लोगों का कारोबार प्रभावित हुआ। उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों का नुकसान हुआ, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा और प्रशासन इसकी जवाबदेही किस पर तय करेगा?

रात तीन बजे तक सुनाई दे रही थी पटाखों की आवाज

दिवाली के बाद मुंबई में बढ़े वायु और ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी वारिस पठान ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद भी हवा में घुटन महसूस हुई। पठान के मुताबिक, पटाखे चलाने की अनुमति रात 12 बजे तक होने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने रात करीब तीन बजे तक पटाखों की आवाज सुनी।

उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद सोशल मीडिया पर लोग वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण को लेकर अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं। कई लोगों ने पटाखों की तेज आवाज से डरे हुए जानवरों के वीडियो और तस्वीरें भी साझा की हैं। पठान ने कहा कि हर व्यक्ति को अपना त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन उत्सव का तरीका ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे दूसरे नागरिकों और बेजुबान जानवरों को परेशानी हो।

25 नवंबर तक रॉकेट और हवाई पटाखों पर प्रतिबंध

मुंबई में आग की घटनाओं के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक रॉकेट और इसी तरह के आसमान में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाया है। यह रोक सार्वजनिक और निजी परिसरों, इमारतों की छतों, बालकनी, आंगन और अन्य स्थानों पर लागू है। यह सभी प्रकार के पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है।

इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पठान ने कहा कि प्रतिबंध पहले लगाया जाना चाहिए था। अब जब आग की घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है, तो केवल प्रतिबंध लगा देने से जवाबदेही का सवाल खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने मांग की कि आग की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों और लापरवाही बरतने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पठान ने कहा कि मुंबईकर जानना चाहते हैं कि समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई और जिन लोगों को नुकसान हुआ, उन्हें न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने मेयर और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement