Latest News

मुंबई: अडाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने सोमवार को 22 एकड़ की माटुंगा रेलवे साइट पर पुनर्वास आवासीय परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही, अडाणी ग्रुप ने एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्तियों में शामिल धारावी के पात्र निवासियों के लिए 10,432 मकानों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। 

अडाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड डेवलप करेगी प्रोजेक्ट

अडाणी एंटरप्राइजेज ने सोमवार को एक बयान में कहा कि धारावी रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट के लिए बनाई गई विशेष उद्देश्यीय इकाई अडाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डेवलप किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में 10 टावर शामिल होंगे। इनमें 10,432 पुनर्वास फ्लैट और 1379 कमर्शियल और इंडस्ट्रियल यूनिट होंगी। 

माटुंगा में बनाए जाएंगे 10 टावर

अडाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने कहा, ''प्रत्येक परिवार एक ऐसे घर का हकदार है जहां वो सुरक्षित महसूस करे और भविष्य की योजना बना सके। हम जानते हैं कि धारावी के परिवारों के लिए इसका क्या महत्व है। माटुंगा में हम 10 टावर का निर्माण कर रहे हैं जिनमें 10,432 घर और 1379 वाणिज्यिक और औद्योगिक इकाइयां होंगी, जिससे ऐसे परिवेश का निर्माण होगा जहां परिवार बेहतर जीवन जी सकें और अपने बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य बना सकें।'' 

पात्र निवासियों को मिलेगा 350 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाला मकान

इस प्रोजेक्ट के तहत पात्र निवासियों को 350 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले मकान मिलेंगे। सेक्टर-6 और सेक्टर-1 के निवासी माटुंगा में मकान पाने वाले शुरुआती लोगों में शामिल होंगे, जिसके बाद धारावी के अन्य पात्र निवासियों को प्राथमिकता के आधार पर लगभग 4500 फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

धारावी के लोगों को मिलेंगी किंडरगार्टन, कम्युनिटी हॉल, पोडियम गार्डन जैसी सुविधाएं

अडाणी ग्रुप ने एक बयान में कहा, ''इस प्रोजेक्ट में परिवारों के लिए सुरक्षित और आधुनिक घर बनाने के साथ-साथ बेहतर जीवन स्तर के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं भी शामिल हैं। माटुंगा में बनने वाली पुनर्वास इमारतों में किंडरगार्टन, कम्युनिटी हॉल, पोडियम गार्डन और बैठने की जगहें होंगी।

10 सालों तक इमारतों और साझा इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव की जिम्मेदारी उठाएगा अडाणी ग्रुप

हर पुनर्वास इमारत में कमर्शियल जगह का 10 प्रतिशत हिस्सा कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव के लिए रेवेन्यू जुटाने के मकसद से रिजर्व रखा जाएगा। हैंडओवर के बाद शुरुआती 10 सालों तक इमारतों और साझा इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव की जिम्मेदारी अडाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की होगी।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement