मुंबई के व्यापारी से 8.28 करोड़ के सोने की धोखाधड़ी, 7 आरोपी गिरफ्तार, 3.31 करोड़ रुपये का माल बरामद
मुंबई : गुजरात के वडोदरा में मुंबई के व्यापारी से 8.28 करोड़ रुपये के सोने के गहनों की धोखाधड़ी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.31 करोड़ रुपये का माल बरामद किया है.
गुजरात के वडोदरा में मुंबई के एक व्यापारी से 8.28 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के सोने के गहने हड़पने के मामले में वडोदरा क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने व्यापारी का भरोसा जीतने के बाद उसे वाघोडिया रोड स्थित श्री अंबिका ज्वैलर्स की दुकान पर बुलाया था. व्यापारी के वॉशरूम जाने के दौरान आरोपी दुकान से सोने के गहनों से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस ने इस मामले में अब तक सोने-चांदी के गहनों, वाहनों और मोबाइल फोन समेत कुल 3,31,71,123 रुपये का माल बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक, खेड़ा जिले के डाकोर निवासी भाविक सोनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी. आरोपियों ने वडोदरा के वाघोडिया रोड स्थित साईं गणेश कॉम्प्लेक्स में श्री अंबिका ज्वैलर्स के नाम से एक दुकान किराए पर ली थी. दुकान पर कारोबार करने का भरोसा दिलाकर उन्होंने मुंबई के एक व्यापारी से संपर्क किया. इसके बाद व्यापार के उद्देश्य से व्यापारी से 8,28,37,680 रुपये कीमत के सोने के गहने मंगवाए गए. इन गहनों का कुल वजन 5 किलो 500 ग्राम 510 मिलीग्राम बताया गया है.
यह घटना 11 अक्टूबर 2026 की है, जब मुंबई का व्यापारी सोने के गहने लेकर वडोदरा पहुंचा था. मुख्य आरोपी भाविक सोनी ने व्यापारी से गहनों से भरा बैग अपनी दुकान में रखने के लिए कहा. इसके बाद उसने खाना खाने जाने का बहाना बनाया और दुकान पर ताला लगा दिया. दुकान की चाबी पानी के जग के नीचे छिपा दी गई थी. जब व्यापारी वॉशरूम गया, तब साजिश के तहत उसके अन्य साथियों ने चाबी की मदद से दुकान खोली और सोने के गहनों से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए.