Latest News

मुंबई : छठ पूजा को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की टिप्पणी पर शिवसेना की नेता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने पलटवार किया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने कभी छठ पूजा का विरोध नहीं किया। उनकी आपत्ति केवल छठ पूजा के नाम पर की जा रही राजनीति को लेकर है।

मुंबई में पुरानी परंपरा है छठ पूजा

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में किशोरी पेडनेकर ने कहा कि मुंबई में छठ पूजा कोई नई परंपरा नहीं है। शहर में वर्षों से उत्तर भारतीय समुदाय के लोग यह पर्व मनाते आ रहे हैं। उन्होंने अपने पुराने चुनावी क्षेत्र वार्ड नंबर 199 का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2017 में वहां बिहार और उत्तर प्रदेश के 900 से अधिक परिवार रहते थे। उस समय भी धोबी घाट के पास बने तालाबों में छठ पूजा की जाती थी। वहां रोशनी की व्यवस्था होती थी, संगीत बजाया जाता था और श्रद्धालु दीप जलाकर पूजा-अर्चना करते थे।

कोर्ट के फैसले का दिया हवाला

किशोरी पेडनेकर ने कहा कि छठ पूजा को लेकर उनकी आपत्ति धार्मिक आयोजन से नहीं, बल्कि उससे जुड़ी राजनीति से है। उन्होंने समुद्र तट पर पूजा को लेकर अदालत के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि पूजा के लिए पानी के किनारे निर्धारित स्थान बनाए जाने चाहिए। उन्होंने गणेश विसर्जन की तर्ज पर छठ पूजा के लिए भी विशेष प्वाइंट बनाने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में तालाब हैं और वहां भी पारंपरिक रूप से जलाशयों के किनारे छठ पूजा की जाती है। ऐसे में पूजा के लिए उचित स्थान और व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रोहिणी आचार्य को मुंबई आकर बात करने की सलाह

रोहिणी आचार्य पर निशाना साधते हुए किशोरी पेडनेकर ने कहा कि यदि उन्हें उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे से बात करनी है तो मुंबई आकर बात करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि शिवसेना (UBT) हिंदू त्योहारों के खिलाफ नहीं है और न ही ईसाई या मुस्लिम समुदाय के त्योहारों का विरोध करती है।

पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने उन्हें सिखाया है कि जो देश, महाराष्ट्र और मुंबई की परंपराओं का सम्मान करता है, उसके खिलाफ होने का सवाल ही नहीं उठता। उनके इस बयान के बाद छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में जारी बहस और तेज होने के संकेत हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement