Latest News

ठाणे: शहर के वर्तकनगर में रहने वाली 13 वर्षीय लड़की की डेंगू के चलते मौत का मामला सामने आया है। श्रेया यादव की पिछले कुछ दिन से तबीयत खराब थी और उसका निजी अस्पताल में उपचार जारी था। श्रेया के करीबी और अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसकी मौत डेंगू से हुई है। मनपा स्वास्थ्य विभाग के मुख्य आरोग्य अधिकारी डॉ. आर.टी. केंद्रे के मुताबिक, अस्पताल प्रशासन से मृतका की रिपोर्ट मंगाई गई है। इसके बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। श्रेया के पिता खुद डॉक्टर हैं। श्रेया परिवार के साथ वर्तकनगर स्थित पायोनियर सोसाइटी में रहती थी। आरोप है कि उक्त सोसाइटी में पिछले कुछ समय से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। सोसाइटी के लोगों के अनुसार, श्रेया इसके चलते ही बीमार हुई और उसकी असमय मौत हो गई। पानी के बारे में मनपा के संबंधित विभाग से सोसाइटी के लोगों ने शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि मनपा ने कोई ध्यान नहीं दिया। बताया यह भी गया है कि सोसाइटी के करीब से बड़ा नाला भी बहता है और ठेकेदार ने कल्वर्ट का काम भी शुरू किया है, जिससे नाले का गंदा पानी इमारत के आस-पास बहता है। इससे सोसाइटी में मच्छर बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने श्रेया की मौत के लिए मनपा प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी तरफ, श्रेया की मौत के बाद मनपा प्रशासन अचानक जग उठा और इमारत परिसर में दवा का छिड़काव किया।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement