Latest News

मुंबई : एनसीपी के बाद बीजेपी के सांसद और विधायकों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। बीजेपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने पार्टी के जन प्रतिनिधियों से अपनी एक महीने की सैलरी बाढ़ पीड़ितों के लिए दान करने की अपील की है। इससे पहले मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा ने मुंबई से अपनी पार्टी के विधायकों, सांसदों और नगरसेवकों से एक महीने का वेतन बाढ़ पीड़ितों को देने की अपील की थी। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पार्टी ने बीजेपी महाराष्ट्र बाढ़ग्रस्त सहायता संयोजक पद पर पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री रघुनाथ कुलकर्णी की नियुक्ति की है। महाराष्ट्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पाटील ने बताया कि महाराष्ट्र में बीजेपी के सभी सांसदों, विधायकों, महानगर पालिका सदस्यों, जिला परिषद के सदस्यों और पंचायत समिति के सदस्य के अपने एक महीने का वेतन बाढ़ पीड़ितों के लिए दान देंगे। सभी प्रतिनिधि 'भारतीय जनता पार्टी, आपदा कोष' नाम से चेक या डिमांड ड्राफ जमा करेंगे। पाटील ने बताया कि उन्होंने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का खुद दौरा किया है। वहां की स्थिति काफी गंभीर हैं। सरकार अपने स्तर से बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है। पार्टी भी उसमें हाथ बंटा रही है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद लोगों के पुनर्वसन की बड़ी चुनौती सामने है। 

पाटील ने बताया कि जनप्रतिनिधियों से मदद करने के अलावा लोगों से भी राहत सामग्री इकट्ठा करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निधि इकट्ठा कर जमा करें। ये कार्यकर्ता 100 रुपये से लेकर उनकी जितनी क्षमता हो उस हिसाब से निधि जमा करें। मुंबई कांग्रेस ने भी तय किया है कि उसके सभी मौजूदा और पूर्व सांसद, विधायक तथा नगरसेवक अपना एक दिन का वेतन कोल्हापुर-सांगली के बाढ़ग्रस्त लोगों के लिए दान देंगे। इस पैसे से कोल्हापुर-सांगली के बाढ़ प्रभावितों के लिए अनाज, दवाएं और अन्य जरूरी सामान भेजा जाएगा। मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा ने बताया कि मंगलवार को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में एकनाथ गायकवाड, कृपाशंकर सिंह, विधायक नसीम खान, अमीन पटेल आदि उपस्थित थे। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement