Latest News

पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिदबंरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को अपने खिलाफ चार्जशीट फाइल करने की चुनौती दी है. इंडिया टुडे से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर मेरे खिलाफ ईडी और सीबीआई के पास सबूत हैं, तो वो चार्जशीट फाइल करें.
विदेशों में बेनामी संपत्ति और बैंक खातों के बारे में पूछताछ के सवाल पर चिदंबरम ने कहा, 'जांच एजेंसियां कुछ अजीबोगरीब ठिकानों का नाम बता रही हैं. मैं संसद का सदस्य हूं और अगर उनके पास मेरे खिलाफ इतने ही सबूत हैं, तो वो चार्जशीट क्यों नहीं फाइल करते? मैंने चुनाव के लिए नामांकन फाइल करने से पहले ही हलफनामा में अपनी संपत्ति घोषित कर दी थी.'
ईडी का यह भी आरोप है कि कार्ति चिदंबरम ने शेल कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग को अंजाम दिया. उन्होंने शेल कंपनियों के जरिए एफआईपीबी की मंजूरी के नाम रिश्वत ली. उन्होंने कम से कम 6 कंपनियों को एफआईपीबी की मंजूरी दिलाने के नाम पर घूस लिया. ईडी के मुताबिक इन शेल कंपनियों में से एक कंपनी एडवांटेज स्ट्रैटेजिक कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड (ASCPL) है.
ईडी का आरोप है कि कार्ति चिदंबरम के विदेशी दौरे के समय उनके खाने का बिल, साल 2014 में होटल में ठहरने का भुगतान, साल 2013 में विम्बलडन के टिकट और फीफा के टिकट का भुगतान एएससीपीएल के द्वारा किया गया. ईडी के इस आरोप पर कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'अगर मेरे दोस्त इनका भुगतान करते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं होता है कि मैं उनकी कंपनियों से जुड़ा हूं या उनकी कंपनियों पर हक रखता हूं. ये सभी आरोप आधारहीन हैं.'
पी चिदंबरम के मामले पर टिप्पणी से कार्ति का इनकार
सूत्रों के मुताबिक, ईडी कार्ति चिदंबरम को हाई कोर्ट से मिली गिरफ्तारी से राहत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है. आईएनएक्स मीडिया मामले में ईडी के हलफनामा से इसका खुलासा हुआ है. पिछले साल दिल्ली हाईकोर्ट ने कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी. इस दौरान जब कार्ति चिदंबरम से उनके पिता पी चिदंबरम द्वारा दाखिल याचिका की सुनवाई पर सवाल किया गया, तो उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
कार्ति चिदंबरम ने 10 लाख के घूस के आरोप को बताया बकवास
वहीं, सीबीआई का आरोप है कि उसकी जांच और इंद्राणी मुखर्जी के बयान के मुताबिक कार्ति चिदंबरम ने आईएनएक्स मीडिया को एफआईपीबी की मंजूरी के लिए अपने पिता और तत्कालीन वित्तमंत्री पी चिदंबरम के साथ मीटिंग अरेंज की थी. इसके बाद एएससीपीएल को 10 लाख रुपये की घूस दी गई थी. हालांकि इन आरोपों पर कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'ये सभी आरोप सच नहीं हैं. मैं अपनी जिंदगी में इंद्राणी मुखर्जी से कभी नहीं मिला. साथ ही 10 लाख रुपये के घूस की बात बिल्कुल बकवास है. मैं यह बात सीबीआई और ईडी को अपने पहले के बयान में कह चुका हूं.'
बता दें कि कार्ति चिदंबरम के पिता पी चिदंबरम 30 अगस्त तक सीबीआई की हिरासत में हैं. साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ अग्रिम जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में लंबित है. अभी शीर्ष अदालत ने इस पर अपना कोई फैसला नहीं सुनाया है. वहीं, ईडी ने पी चिदंबरम की अग्रिम जमानत का विरोध किया है और पूछताछ के लिए उनकी हिरासत की मांग की है.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement