राज्य के पूर्व मंत्री अम्दुल सत्तार शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल
मुंबई : विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मंत्री अम्दुल सत्तार शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल हो गए। पार्टी पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सत्तार कांग्रेस के बड़े मुस्लिम चेहरा माने जाते रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। सत्तार औरंगाबाद जिले की सिलोद सीट से विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। यह सीट जालना लोकसभा का हिस्सा है। औरंगाबाद एक मुस्लिम बाहुल्य इलाका है और शिवसेना सत्तार के माध्यम से मुस्लिम वोटर्स को साधने की जुगत में जुट गई है। औरंगाबाद से शिवसेना के 4 बार के सांसद चंद्रकांत खैरे को इस बार हार का मुंह देखना पड़ा था। इसलिए अम्दुल सत्तार का पार्टी से जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। गौरतलब है कि अम्दुल सत्तार ने इसी साल हुए आम चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक के रूप में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख रहे रावसाहेब दानवे की मदद की थी, जो जालना लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे। सिलोद विधानसभा क्षेत्र जालना संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पशुपालन मंत्री रह चुके हैं सत्तार सत्तार पिछली कांग्रेस-राकांपा आघाड़ी सरकार में पशुपालन मंत्री थे। सत्तार को शिवसेना में शामिल करने के बाद ठाकरे ने संकेत दिया कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिया जा सकता है। उद्धव ने पत्रकारों से कहा, 'मैं शिवसेना को सिलोद विधानसभा क्षेत्र से जीतते देखना चाहूंगा। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण सीट है।' हालिया कुछ हफ्तों में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कई नेता या तो भाजपा या फिर शिवसेना का दामन थाम चुके हैं।