Latest News

नोएडा विकास प्राधिकरण के पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह के विदेश में कहां-कहां बैंक खाते हैं, इसकी जांच भी आयकर विभाग करेगा। यादव सिंह से उनकी संपत्ति के बारे में आयकर विभाग ने पूछा है। आयकर अधिकारियों के मुताबिक, संभावना है कि स्विस बैंक में भी यादव सिंह का खाता हो सकता है। इसकी जांच भी की जाएगी।
प्राधिकरण के पूर्व चीफ इंजीनियर को आयकर विभाग ने 136.09 करोड़ रुपये जमा करने का नोटिस भेजा था। आयकर अधिकारियों को जवाब का इंतजार है। यादव सिंह को जवाब के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। आयकर विभाग को यादव सिंह की नोएडा में दो प्रॉपर्टी, जिसमें एक कृषि भूमि और आवास व केनरा बैंक के खाते की जानकारी है।
जानकारी जुटा रहा आयकर विभाग
इसके अलावा उसकी और कितनी संपत्ति है, इसकी जानकारी विभाग जुटा रहा है। इससे पहले कानपुर मुख्यालय की ओर से जब यादव सिंह से उसकी संपत्ति के बारे में पूछा था तो उसका कहना था कि ईडी और सीबीआई से मेरी संपत्ति की जानकारी प्राप्त करें। आयकर अधिकारियों ने बताया कि इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है कि यादव सिंह का स्विस बैंक में खाता हो। सेंट्रल बोर्ड से मिलने वाली लिस्ट में यदि यादव सिंह का नाम हुआ तो इसकी जांच भी की जाएगी। इसके बाद आगे का फैसला होगा। बता दें कि स्विस बैंकों में पैसे रखने वाले भारतीयों के खातों से जुड़ी जानकारियां भारत को मिलनी शुरू हो गई हैं। यह सूचनाएं मुख्यरूप से उन खातों से जुड़ी हैं, जिन्हें लोगों ने कार्रवाई के डर से पहले ही बंद करा दिया है। इसके अलावा भारतीय लोगों के कम से कम 100 ऐसे पुराने खाते भी हैं, जिन्हें 2018 से पहले ही बंद करा दिया गया।
जहां भी संपत्ति की सूचना मिलेगी, जब्त की जाएगी
आयकर अधिकारियों का कहना है कि यदि यादव सिंह आयकर नहीं जमा करता है तो जहां जहां भी उसकी संपत्ति की जानकारी मिलेगी, उसे जब्त कर लिया जाएगा। जुर्माना भी वसूला जाएगा। विभाग अपने स्तर से अघोषित संपत्ति की सूची बना रहा है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement