Latest News

मुंबई : मुंबई से सूरत पहुंचने के लिए यात्रियों को जल्द ही एक और रास्ता मिलेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से लोग सड़क, रेल मार्ग के साथ ही जल मार्ग से भी सूरत पहुंच सकेंगे। कोस्टल टूरिज्म को बढ़ावा देने के मकसद से महाराष्ट्र और गुजरात मैरीटाइम बोर्ड ने मुंबई और सूरत के बीच क्रूज सेवा शुरू करने की अनुमति दे दी है। इस महीने से बांद्रा से हजीरा (सूरत) के बीच पहली क्रूज सेवा शुरू हो जाएगी। इस मार्ग पर क्रूज सेवा शुरू करने का जिम्मा बोर्ड ने एसएसआर मरीन सर्विस को सौंपा है। 

फिलहाल, मुंबई से गोवा के बीच क्रूज सेवा उपलब्ध है। मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अनुसार, इस साल जल मार्ग से अब तक करीब 2 लाख 32 हजार घरेलू और विदेशी पर्यटकों ने यात्रा की है। 2017-18 में मुंबई से कुल 46 क्रूज निकले, जिनमें 56 हजार टूरिस्ट्स ने यात्रा की थी। 2018-19 में क्रूज की संख्या बढ़कर 107 और पर्यटकों की संख्या बढ़कर 87 हजार हो गई। जलमार्ग का सफर यादगार बनाने के लिए तीन डेक वाला क्रूज मुंबई आ गया है। इसका आंनद लेने के लिए लोगों को 3 से 5 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। क्रूज में यात्रियों के मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रख जाएगा। रेस्ट्रॉन्ट, पार्टी हॉल और कसीनो की व्यवस्था की गई है। तीन डेक वाले लग्जरी क्रूज में 215 लोग सफर कर सकते हैं। क्रूज का टिकट ऑनलाइन खरीदा जा सकता है। आरंभिक चरण में सप्ताह में एक दिन यह सेवा उपलब्ध होगी। एसएसआर मरीन सर्विस के सीईओ संजीव अग्रवाल के अनुसार, हर गुरुवार शाम 5 बजे बांद्रा वर्ली सी-लिंक से क्रूज प्रस्थान करेगा और शुक्रवार सुबह 9 बजे हजीरा पहुंचेगा। क्रूज से बांद्रा से सूरत के बीच 200 नॉटिकल मील की दूरी 16 घंटे में पूरी होगी। सड़क और रेल मार्ग से यह सफर सामान्यत: 5 से 6 घंटे में पूरा होता है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement