विद्यार्थियों का करियर संवारेगी मनपा
मुंबई : पढ़ाई पूरी होने के बाद हर विद्यार्थी में कुछ न कुछ बनने की चाह होती है। उनके इस करियर को संवारने का काम मनपा करेगी, इसके लिए मनपा एक निजी संस्था का भी सहयोग ले रही है। संस्था की मदद से मनपा करियर को लेकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ ही उनकी काउंसलिंग भी करेगी।
बता दें कि मनपा विद्यार्थियों को उच्च दर्जे की शिक्षा देने के साथ ही भविष्य में उनका करियर बनाने में अभी से ही मदद कर रही है। इस कार्य में अंतरंग फाउंडेशन मनपा शिक्षा विभाग का सहयोग कर रहा है। शिक्षा अधिकारी महेश पालकर ने बताया कि चार मॉड्यूल में विद्यार्थियों का करियर मार्गदर्शन किया जाता है। पहले मॉड्यूल में विद्यार्थियों को स्वजागृति की प्रेरणा दी जाती है, जिसमें उनकी रुचि और वस्तुस्थिति का अवलोकन किया जाता है। लगभग ६० व्यवसायों से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को दी जाती है, जिसके द्वारा वे अपने करियर विकल्पों का चयन कर पाते हैं। मॉड्यूल-२ में करियर सजगता, मॉड्यूल-३ में करियर नियोजन और मॉड्यूल-४ के तहत विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया जाता है। करियर अवेयर के माध्यम से विद्यार्थियों में उनके व्यक्तिगत शक्ति स्थलों का स्वयं ही परिचय प्राप्त होता है। करियर मार्गदर्शन का लाभ अब तक ४० हजार विद्यार्थियों ने उठाया है।